– गणपति फिलिंग स्टेशन पर हुई घटना, 3726 का भुगतान किए बिना ब्रेजा कार लेकर भागा आरोपी
हनुमानगढ़। जंक्शन में संगरिया रोड स्थित गणपति फिलिंग स्टेशन पर एक व्यक्ति की ओर से ब्रेजा कार में डीजल भरवाकर भुगतान किए बिना फरार होने का मामला सामने आया है। पेट्रोल पंप संचालक ने पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में गुरुवार को हनुमानगढ़ पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के बैनर तले पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया। मैसर्स गणपति फिलिंग स्टेशन के संचालक दीपक गोयल पुत्र सत्यनारायण गोयल ने बताया कि 9 जून को शाम करीब 4.24 बजे मारुति ब्रेजा कार नम्बर डीएल 2 सीबीबी 1639 पेट्रोल पंप पर पहुंची। वाहन को एक केशधारी सिख व्यक्ति चला रहा था। शिकायत में बताया गया है कि चालक ने पहले 500 रुपए का डीजल भरवाया और उसका ऑनलाइन भुगतान कर दिया।

इसके बाद उसने वाहन की टंकी फुल करने को कहा। पंप कर्मी ने डीजल भर दिया, जिसके बाद कुल बिल 3726.35 रुपए बना। आरोप है कि चालक ने भुगतान करने से पहले वाहन के टायरों में हवा जांचने की बात कही और कार लेकर वहां से निकल गया। इसके बाद वह शेष राशि का भुगतान किए बिना फरार हो गया। दीपक गोयल के अनुसार जब वाहन नम्बर की ऑनलाइन जांच की गई तो पता चला कि उक्त नम्बर दिल्ली में पंजीकृत एक सेंट्रो पेट्रोल कार का है। जबकि पेट्रोल पंप पर डीजल एक मारुति ब्रेजा वाहन में भरवाया गया था। शिकायतकर्ता ने संबंधित नम्बर के वाहन मालिक से संपर्क किया तो उसने बताया कि उसकी सेंट्रो कार वर्तमान में दिल्ली में ही है। इस आधार पर शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि डीजल भरवाने वाले व्यक्ति ने अपनी ब्रेजा कार पर फर्जी नम्बर प्लेट लगा रखी थी। इसलिए कार सवार की ओर से अवैध गतिविधियों में संलिप्त होने की संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता। मामले में पुलिस से आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई करने की मांग की गई है।
