हनुमानगढ़। भिरानी पुलिस थाना ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चलाते सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 18 एंड्रॉइड मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, 11440 रुपए नकद और लाखों रुपए के सट्टा का हिसाब-किताब बरामद किया गया। दो लग्जरी कारें भी जब्त की गई हैं। पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने बताया कि जिले में नशा तस्करी, अवैध मादक पदार्थ, अवैध हथियार, जुआ, सट्टा और संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत सभी अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में सख्ती से कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में भिरानी पुलिस थाना प्रभारी प्रशिक्षु आरपीएस राजेन्द्र कुमार के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना पर भिरानी के वार्ड सात से आरोपियों मोहन (30) पुत्र सुभाष, देवेन्द्र (30) पुत्र हवासिंह, रमेश (45) पुत्र भगतसिंह, सोमवीर (28) पुत्र किरसन, ऋषिकेश (36) पुत्र पृथ्वी सिंह व संदीप (34) पुत्र रामस्वरूप जाट सभी निवासी हिन्दवान जिला हिसार तथा राजवीर (38) पुत्र ओमप्रकाश जाट निवासी भिरानी को ऑनलाइन क्रिकेट मैच पर सट्टा खेलते गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने 18 एंड्रॉइड मोबाइल, एक लैपटॉप, 11440 रुपए की सट्टा रकम और लाखों रुपए का हिसाब-किताब बरामद किया। साथ ही फॉर्च्यूनर गाड़ी नंबर एचआर 14 एक्स 0007 और विक्टोरियर्स कार को 207 एमवी एक्ट में जब्त किया गया। इस मामले में आईटी एक्ट, आरपीजीओ एवं बीएनएस की धाराओं के तहत भिरानी पुलिस थाना में प्रकरण दर्ज किया गया। अनुसंधान पुलिस निरीक्षक लखवीर सिंह कर रहे हैं। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी प्रशिक्षु आरपीएस राजेन्द्र कुमार, एएसआई कुंजीलाल, हेड कांस्टेबल रमेश, कांस्टेबल मोहनलाल शामिल रहे। इस कार्रवाई में जिला विशेष टीम सेक्टर नोहर की विशेष भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में सट्टा नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।
