हनुमानगढ़। राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-954 के निर्माण के तहत अधिग्रहित की जा रही कृषि भूमि के मुआवजे को लेकर चक 16 एचएमएच, कोहला के किसानों ने मांग तेज कर दी है। भाजपा नेता अमित चौधरी के नेतृत्व में बुधवार को किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने एडीएम को ज्ञापन सौंपकर नगर परिषद क्षेत्र एवं नई डीएलसी दरों के अनुसार मुआवजा दिलवाने की मांग की। किसानों ने बताया कि हनुमानगढ़ तहसील के गांव कोहला से साधुवाली, श्रीगंगानगर तक राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-954 का निर्माण किया जा रहा है। इस परियोजना के तहत चक 16 एचएमएच, कोहला की कृषि भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है। किसानों का कहना है कि संबंधित क्षेत्र को अब नगर परिषद क्षेत्र में शामिल कर लिया गया है, जिससे भूमि की प्रकृति एवं उसकी कीमत में परिवर्तन हो चुका है। वर्तमान में प्रस्तावित मुआवजा दरें वास्तविक बाजार मूल्य और क्षेत्र की स्थिति के अनुरूप नहीं हैं, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। किसानों ने मांग की कि चक 16 एचएमएच की डीएलसी दरों को शहरी क्षेत्र के अनुरूप निर्धारित किया जाए, ताकि भूमि मालिकों को उचित मुआवजा मिल सके। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि राज्य सरकार की अधिसूचना तथा सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय, नई दिल्ली की अधिसूचना के तहत किसानों को उचित मुआवजा दिया जाना चाहिए। किसानों ने प्रशासन से इन अधिसूचनाओं के अनुरूप कार्रवाई करते हुए मुआवजा राशि नगर परिषद क्षेत्र एवं नई डीएलसी दरों के अनुसार निर्धारित करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यदि भूमि का अधिग्रहण शहरी क्षेत्र में किया जा रहा है, तो मुआवजा भी उसी आधार पर दिया जाना चाहिए, ताकि किसानों के साथ न्याय हो सके। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए शीघ्र निर्णय लेने की मांग की। इस मौके पर कृष्ण ज्याणी, लेखराम जोशी, पवन छिम्पा, हरदेव वर्मा, सुरजाराम भादू, हरीश ढाका, धर्मपाल गोदारा, सुरेंद्र ज्याणी, सचिन सिल्लू और बलराम ज्याणी सहित कई किसान मौजूद रहे।
