-राज्यसभा चुनाव में हॉर्स ट्रेडिंग का आरोप, आदित्य देवीलाल ने कांग्रेस-भाजपा पर साधा निशाना
ऐलनाबाद। राज्यसभा चुनाव को लेकर हरियाणा की राजनीति में घमासान के बीच इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के विधायक आदित्य देवीलाल ने कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुए राज्यसभा चुनाव ने दोनों दलों की सच्चाई जनता के सामने उजागर कर दी है। आदित्य देवीलाल ने कहा कि इस बार के राज्यसभा चुनाव को लेकर हरियाणा के शहरों और गांवों में काफी चर्चा थी और लोग हर पल की जानकारी लेने में रुचि दिखा रहे थे। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता अपने नेताओं से भावनात्मक रूप से जुड़ी रहती है। इनेलो ने जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए इस चुनाव से दूरी बनाए रखी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पहले भी राज्यसभा चुनावों में कांग्रेस और भाजपा के बीच विधायकों की हॉर्स ट्रेडिंग हुई है। उनका कहना था कि दोनों पार्टियां जनता की भावनाओं से खिलवाड़ करती रही हैं। उन्होंने कहा कि इस बार के चुनाव के बाद कांग्रेस और भाजपा का असली चेहरा जनता के सामने आ गया है। उन्होंने स्याही कांड और कार्तिक शर्मा की जीत का जिक्र करते हुए कहा कि उन घटनाओं में भी हॉर्स ट्रेडिंग के आरोप लगे थे। इनेलो विधायक ने कहा कि प्रदेश की लगभग पौने तीन करोड़ जनता के साथ सत्ता पक्ष और विपक्ष ने मिलकर राजनीतिक खेल खेला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने विधायकों को भाजपा की तरफ भेजा और भाजपा ने उन्हें खरीदा। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये में विधायकों के बिकने की चर्चा है। आदित्य देवीलाल ने कहा कि मतदान के दौरान कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा और प्रभारी बीके हरिप्रसाद हर विधायक के वोट पर नजर रख रहे थे। यदि कांग्रेस को क्रॉस वोटिंग की जानकारी थी तो उन्हें मतगणना बंद होते ही जनता के सामने यह स्पष्ट करना चाहिए था कि किस विधायक ने क्रॉस वोटिंग की और किसका वोट रद्द हुआ। उन्होंने कहा कि इस मामले में भूपेंद्र सिंह हुड्डा की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने एक दलित समाज के उम्मीदवार को हराने में कोई कसर नहीं छोड़ी और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान की भावना को आघात पहुंचाया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा इनेलो को कांग्रेस की बी-टीम बताए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए आदित्य देवीलाल ने कहा कि मुख्यमंत्री को इस तरह के बड़े बयान देने से पहले अपनी जांच करवानी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने कांग्रेस के लिए जो गड्ढा खोदा था, उसी में खुद गिर गई है और भाजपा के एक सदस्य का वोट भी रद्द हुआ है। वहीं विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान आदित्य देवीलाल ने प्रदेश के शहरों में मास्टर प्लान को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि अब तक कितने शहरों को मास्टर प्लान के तहत अधिसूचित किया गया है और कितने शहर किस चरण में हैं। उन्होंने कहा कि मास्टर प्लान के अभाव में भू-माफिया अवैध कॉलोनियां काट रहे हैं और कई जगह सफेदपोश लोगों की मिलीभगत से यह काम खुलेआम हो रहा है। इसके अलावा इनेलो विधायक दल के नेता आदित्य देवीलाल और विधायक अर्जुन चौटाला ने राज्यसभा चुनाव में हुई क्रॉस वोटिंग के मामले पर नियम-84 के तहत सदन में चर्चा कराने का प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर खुली चर्चा होनी चाहिए ताकि यह स्पष्ट हो सके कि किन-किन सदस्यों ने क्रॉस वोटिंग की और इसके पीछे क्या कारण रहे। इससे प्रदेश की जनता को भी सच्चाई पता चल सकेगी।
संवाददाता- रमेश भार्गव
