ऐलनाबाद। ऐलनाबाद क्षेत्र के गांव कुताबढ़ से ओटू को जाने वाली सड़क गिदड़ावाली गांव के पास बेहद खराब हालत में पहुंच चुकी है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई छोटे-मोटे हादसे भी हो चुके हैं, जिससे ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी जा रही है। सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों ने ब्लॉक समिति सदस्य व किसान नेता रामकुमार बुलिया के नेतृत्व में मौके पर पहुंचकर प्रशासन के खिलाफ रोष जताया।

ग्रामीणों का कहना है कि कई बार प्रशासन को इस बारे में अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद अब तक सड़क की मरम्मत या निर्माण का कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों ने बताया कि इन दिनों गेहूं कटाई का सीजन चल रहा है और ऊपर से बारिश के कारण सड़क की हालत और भी खराब हो गई है, जिससे किसानों और आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि सड़क का निर्माण जल्द से जल्द करवाया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।

इस मौके पर आत्मा सिंह नंबरदार, मदन पठान, स्वर्ण सिंह (पूर्व सरपंच), जोगिंदर सिंह (पूर्व सरपंच), पवन फुटेला, रमेश कुमार, महेंद्र बावा, साहबराम कालिया, ब्लॉक समिति सदस्य संदीप कुमार, विजय बहल, बचन पंवार सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। इस संबंध में जब सिरसा लोक निर्माण विभाग के अधिकारी श्रवण बैनीवाल से फोन पर बात की गई तो उन्होंने बताया कि सड़क के निर्माण के लिए करीब 15 दिनों के भीतर टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। टेंडर लगते ही सड़क निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन भी चाहता है कि सड़क का निर्माण जल्द से जल्द हो। अब देखना होगा कि टेंडर प्रक्रिया कब पूरी होती है और सड़क निर्माण कार्य कब शुरू होता है।
संवाददाता- रमेश भार्गव
