ऐलनाबाद। खंड के गांव मिठनपुरा की मुख्य चौपाल में ग्रामीण भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत आईपीएस अधिकारी एवं ए.एस.पी. फैसल खान पहुंचे। इस अवसर पर शहीद भगत सिंह ट्रस्ट मिठनपुरा, श्री कृष्ण गौ सेवा समिति, सरपंच एवं ग्रामीणों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। चौपाल में आयोजित बैठक के दौरान ए.एस.पी. फैसल खान ने ग्रामीणों के साथ खुलकर संवाद किया। उन्होंने गांव में चिट्टा (हीरोइन) और मेडिकल नशे के सेवन करने वालों तथा नशा सप्लाई करने वाले तस्करों के संबंध में जानकारी ली। ग्रामीणों ने नशे की समस्या को प्रमुख मुद्दा बताते हुए कई शिकायतें रखीं। ए.एस.पी. ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए शिकायतों के आधार पर तुरंत प्रभाव से कार्रवाई करने के आदेश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने गांव में लाइसेंसी हथियारों की स्थिति की जानकारी ली और समय पर फीस जमा कर नवीनीकरण करवाने के निर्देश भी दिए। ग्रामीणों ने कहा कि गांव में आईपीएस स्तर के अधिकारी का चौपाल में पहुंचकर आम नागरिक की तरह बैठकर समस्याएं सुनना सराहनीय कदम है। इससे प्रशासन और जनता के बीच विश्वास मजबूत होता है। इस दौरान 95 वर्षीय बुजुर्ग देवदत्त सुथार से भी ए.एस.पी. ने मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। उनकी बेहतर सेहत की सराहना करते हुए उन्होंने ग्रामीणों को पौष्टिक आहार अपनाने और नशे से दूर रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि गांव का शुद्ध वातावरण, खेती, पशुपालन, दूध-दही और हरी सब्जियों का सेवन ही स्वस्थ जीवन का मुख्य आधार है। ए.एस.पी. ने शहीद भगत सिंह ट्रस्ट मिठनपुरा द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि संस्था के युवा नशे जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ सराहनीय संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे सामाजिक संगठन प्रत्येक गांव में होने चाहिए, जो प्रशासन और ग्राम पंचायत के साथ मिलकर समाज हित में कार्य करें। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि वे ट्रस्ट की गतिविधियों को सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से लगातार देखते रहे हैं, जो अत्यंत प्रशंसनीय हैं। कार्यक्रम के अंत में शहीद भगत सिंह ट्रस्ट और श्री कृष्ण गौ सेवा समिति द्वारा ए.एस.पी. फैसल खान को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
