हनुमानगढ़। संगरिया थाना क्षेत्र के भगतपुरा गांव में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घर में घुसकर युवक पर कथित रूप से कस्सी से हमला करने और उसके परिजनों के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। घायल युवक के सिर में 13 टांके आए हैं। संगरिया थाना पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मंगतराम (27) पुत्र रामकुमार मेघवाल निवासी वार्ड नंबर 6, भगतपुरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह मजदूरी करता है। उसके मकान के पास उसके ताऊ तेजाराम का मकान है। कुछ समय पहले ताऊ और ताई के बीच हुए झगड़े में उसने बीच-बचाव कराया था। इसी बात से उसका चचेरा भाई भीमसैन पुत्र तेजाराम उससे रंजिश रखने लगा और उसे जान से मारने की धमकी भी दे चुका था। शिकायत के अनुसार, भीमसैन ने अपनी पत्नी सोमा, साले सन्नी पुत्र प्रेम निवासी बनवाला (पंजाब) तथा लक्ष्मण पुत्र रामप्रताप निवासी संगरिया को बुला लिया। आरोप है कि 26 जून की रात करीब 11.30 बजे चारों आरोपी एक राय होकर हाथों में कस्सी, चेन कवर, ईंटें और डांग लेकर उसके घर में घुस आए। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि उस समय मंगतराम घर में सो रहा था। इसी दौरान सन्नी ने जान से मारने की नीयत से उसके सिर पर कस्सी से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया। शोर सुनकर उसके पिता रामकुमार, माता सुखदेवी और छोटा भाई सोनूराम उसे बचाने पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। शिकायत के अनुसार, पिता के मुंह, माता के हाथ और भाई के शरीर पर चोटें आईं। आसपास के लोग एकत्र होने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल मंगतराम को पहले राजकीय चिकित्सालय संगरिया ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए हनुमानगढ़ रेफर कर दिया गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह तीन दिन तक हनुमानगढ़ अस्पताल में भर्ती रहा और उसके सिर में 13 टांके लगाए गए। उपचार के बाद स्थिति में सुधार होने पर उसने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी अब भी उसे जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं और कह रहे हैं कि इलाज के लिए आगे भेजकर भी उसे नहीं छोड़ेंगे, जिससे उसे अपनी जान का खतरा बना हुआ है। रिपोर्ट और चोटों के आधार पर पुलिस ने भीमसैन, सोमा, सन्नी तथा लक्ष्मण के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की जांच ढाबां चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद को सौंपी गई है।
