हनुमानगढ़। भीषण गर्मी और बदलते पर्यावरणीय हालात के बीच बच्चों में प्रकृति के प्रति जागरूकता विकसित करने की दिशा में स्थानीय सैक्रेड हार्ट विद्यालय, हनुमानगढ़ जंक्शन द्वारा अनूठी पहल की जा रही है। विद्यालय में 14 मई से 22 मई 2026 तक आयोजित ग्रीष्मकालीन शिविर के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जा रहा है। आठ दिवसीय इस शिविर में विद्यार्थियों ने शतरंज, आत्मरक्षा, योग, चित्रकला, विज्ञान प्रयोग और भाषण कला जैसी गतिविधियों में भाग लेते हुए प्रकृति और पर्यावरण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। शिविर के सातवें दिन विशेष रूप से नौ व दस वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पक्षियों के लिए पिंडोरे वितरित किए गए। इस दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षकों की उपस्थिति में पक्षियों के लिए नियमित रूप से दाना-पानी रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने भी पक्षियों की देखभाल और वृक्षों के प्रति प्रेम व संरक्षण का संकल्प दोहराया। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका नीना वर्मा ने बताया कि शिविर की गतिविधियां केवल कौशल विकास तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि बच्चों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और सामाजिक दायित्वों के प्रति भी जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि 22 मई को शिविर का समापन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। विद्यालय की इस पहल को “छोटे कदम, बड़ा बदलाव” की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास माना जा रहा है।
