हनुमानगढ़। श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय में 10 मई, रविवार को सुबह 9 बजे सद्भाव क्लब के तत्वावधान में ‘गौरवोत्सव प्रतिभा सम्मान समारोह’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक उपलब्धियों को सम्मानित करना तथा शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करना है। समारोह में सरकारी एवं गैर सरकारी शिक्षण संस्थानों के कक्षा 12वीं के उन मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने बोर्ड परीक्षाओं में 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं। उल्लेखनीय है कि श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय एवं गुड डे डिफेंस सैनिक स्कूल पिछले पांच वर्षांे से लगातार क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों एवं गुरुजनों को ‘गौरवोत्सव प्रतिभा सम्मान समारोह’ के माध्यम से सम्मानित करते आ रहे हैं। संस्था का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना और समाज में शिक्षा के महत्व को बढ़ावा देना है। वर्तमान में समारोह के लिए विद्यार्थियों का पंजीकरण जारी है, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं हिस्सा ले रहे हैं। इस मौके पर श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरीटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि यह सम्मान समारोह विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने और उन्हें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि जब विद्यार्थियों की मेहनत और उपलब्धियों को सार्वजनिक रूप से सम्मान मिलता है, तो अन्य विद्यार्थियों को भी उत्कृष्टता हासिल करने की प्रेरणा मिलती है। विश्वविद्यालय के प्रबंध निदेशक दिनेश जुनेजा ने बताया कि संस्था का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि छात्र-छात्राओं की प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें उचित मंच प्रदान करना भी है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन छात्र-छात्राओं में प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करने के साथ-साथ उन्हें अपने भविष्य के प्रति अधिक जागरूक और प्रेरित बनाते हैं। आयोजन समिति ने कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूर्ण होने की जानकारी दी है।
