– सीवरेज लीकेज और नालियों की सफाई नहीं होने से लोग परेशान, सभापति ने जल्द समाधान का दिया आश्वासन
हनुमानगढ़। दीपावली के त्योहार को देखते हुए नगर परिषद सभापति मंजू रणवां और उपसभापति सोनू बंसल ने बुधवार को वार्ड नंबर 52 और 57 का दौरा कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान वार्ड नंबर 57 में सीवरेज लाइन में लीकेज, नालियों की सफाई नहीं होने और अन्य समस्याओं का मुद्दा सामने आया। वार्डवासियों ने सभापति को समस्याओं से अवगत करवाते हुए जल्द समाधान की मांग की। इस पर सभापति ने समस्याओं का शीघ्र निस्तारण करवाने का आश्वासन दिया। वार्ड नंबर 57 में निरीक्षण के दौरान पार्षद अंजू चौधरी, पार्षद प्रतिनिधि राजेन्द्र चौधरी और वार्डवासी मौजूद रहे।

उन्होंने सभापति को बताया कि वार्ड में सफाई व्यवस्था की स्थिति गंभीर बनी हुई है और मोहल्लों में कई कार्य अभी होने बाकी हैं। पूर्व पार्षद राजेन्द्र चौधरी ने कहा कि वार्ड में कई समस्याएं हैं, जिनसे सभापति को अवगत करवाया गया है। उन्हें उम्मीद है कि जल्द इनका समाधान होगा। राजेन्द्र चौधरी ने कहा कि सीवरेज की समस्या पूरे शहर में बनी हुई है। वार्ड में कई स्थानों पर सीवर का पानी लीकेज हो रहा है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद के पास कर्मचारी होने के बावजूद निगरानी का अभाव है। उनके अनुसार, बड़े वार्ड में सफाई के लिए मात्र एक कर्मचारी तैनात है, जिसके कारण व्यवस्था प्रभावित हो रही है। सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम करने की जरूरत है।
सीवरेज और नालियों की सफाई में होगा सुधार
उपसभापति सोनू बंसल ने बताया कि दीपावली नजदीक होने के कारण सभी वार्डांे में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया जा रहा है। वार्ड नंबर 52 और 57 के दौरे के दौरान मुख्य रूप से सीवरेज लाइन में लीकेज और नालियों की सफाई नहीं होने की समस्याएं सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में इन व्यवस्थाओं में सुधार करवाया जाएगा। उपसभापति ने वार्डवासियों और शहरवासियों से अपील की कि वे अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि शहर में जगह-जगह कचरा जमा होने से सफाई व्यवस्था प्रभावित होती है। केवल नगर परिषद के प्रयासों से व्यवस्था में पूर्ण सुधार संभव नहीं है, इसके लिए आमजन का सहयोग भी जरूरी है। उन्होंने लोगों से कचरा कचरा पात्रों और ऑटो टिपर में ही डालने की अपील की।
