हनुमानगढ़। जिले में रेल सेवाओं के विस्तार, नई ट्रेनों के संचालन तथा यात्री सुविधाओं में सुधार की मांग को लेकर भाजपा की ओर से मंडल रेल प्रबंधक, मंडल रेल कार्यालय बीकानेर (उत्तर पश्चिम रेलवे क्षेत्र) को ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन डीआरएम गौरव गोविल के हनुमानगढ़ जंक्शन रेलवे स्टेशन निरीक्षण के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू और भाजयुमो जिला महामंत्री हिमांशु महर्षि के नेतृत्व में सौंपा गया। ज्ञापन में हनुमानगढ़ जिले के व्यापारी, विद्यार्थी एवं दैनिक यात्रियों को कमजोर रेल कनेक्टिविटी के कारण हो रही परेशानियों तथा रेलवे स्टेशनों पर मूलभूत सुविधाओं की कमी की ओर ध्यान आकर्षित किया गया। भाजपा पदाधिकारियों ने बताया कि गाड़ी संख्या 14887/14888 बाड़मेर-ऋषिकेश एक्सप्रेस में अत्यधिक यात्रीभार के कारण हनुमानगढ़, बीकानेर एवं सूरतगढ़ क्षेत्र के यात्रियों को कन्फर्म सीट नहीं मिल पा रही है। इसलिए इसे 15 कोच के स्थान पर 24 कोच के साथ संचालित करने अथवा बीकानेर/लालगढ़ से हनुमानगढ़ होते हुए ऋषिकेश के लिए एक अतिरिक्त साप्ताहिक रेल सेवा शुरू करने की मांग की गई है। इसके अलावा गाड़ी संख्या 04705/04706 (हनुमानगढ़-जयपुर) का संचालन अर्द्धरात्रि में होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं 54703/54704 पैसेंजर ट्रेन के अत्यधिक विलंब और ओवरटेक के कारण धीमी गति से चलने पर भी आपत्ति जताई गई है। ज्ञापन में सुझाव दिया गया कि इन दोनों सेवाओं के स्थान पर बठिंडा-जयपुर सुपरफास्ट इंटरसिटी ट्रेन का संचालन वाया मंडी डबवाली, संगरिया, हनुमानगढ़, सादुलपुर, चूरू, सीकर व रिंगस मार्ग से किया जाए। भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि रेलवे सेवाओं के विस्तार से क्षेत्र के व्यापार, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
