हनुमानगढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर की ओर से जारी स्टेट एक्शन प्लान की पालना में अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के मौके पर शुक्रवार को ग्राम लीलांवाली स्थित विक्रम ईंट भट्ठा उद्योग में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष तनवीर चौधरी के निर्देशन तथा सचिव गजेन्द्र सिंह तेनगुरिया के नेतृत्व में श्रम कल्याण विभाग के समन्वय से संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा), नई दिल्ली की ओर से जारी जिंगल्स के माध्यम से की गई। इसके बाद मौजूद मजदूरों एवं आमजन को विधिक अधिकारों और योजनाओं की जानकारी दी गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव गजेन्द्र सिंह तेनगुरिया ने मजदूर दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नालसा की असंगठित क्षेत्र में कार्यरत व्यक्तियों के लिए चलाई जा रही विधिक सेवा योजना, पीड़ित प्रतिकर योजना, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली, नालसा हेल्पलाइन 15100 तथा राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में जानकारी दी। उन्होंने श्रमिकों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और जरूरत पड़ने पर विधिक सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। श्रम कल्याण अधिकारी देवेन्द्र मोदी ने राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए श्रमिकों को उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में श्रम निरीक्षक मनोज कुमार, दीपक कुमार, सहायक उपनिरीक्षक श्रवण कुमार, प्रधानाचार्या नेहा, व्याख्याता रमेश झोरड़, ईंट भट्ठा उद्योग संघ के अध्यक्ष सुरेन्द्र तिवाड़ी तथा भट्ठा संचालक ओम प्रजापत मौजूद रहे।
