हनुमानगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री द्वारा हाल ही में पानी को लेकर दिए गए बयान के बाद क्षेत्र के किसानों में पैदा हुए भ्रम को लेकर भाजपा नेता अमित चौधरी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि नहरों में पानी की आपूर्ति पहले की तरह नियमित रूप से जारी रहेगी और किसानों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। भाजपा नेता अमित चौधरी ने गुरुवार को जारी प्रेस बयान में पंजाब मुख्यमंत्री के बयान को बेबुनियाद और हास्यास्पद बताते हुए कहा कि ऐसे बयानों से किसानों के बीच अनावश्यक भ्रम फैलता है। उन्होंने कहा कि आगामी फसल की बुआई पर पानी की उपलब्धता को लेकर किसी तरह की समस्या नहीं आने वाली है, इसलिए किसान निश्चिंत होकर अपने कृषि कार्य जारी रखें। चौधरी ने कहा कि पंजाब मुख्यमंत्री के इस प्रकार के अटपटे बयान से प्रतीत होता है कि वे बिना तथ्यों के बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणी करना न केवल गैर-जिम्मेदाराना है, बल्कि इससे किसान समुदाय के बीच अनावश्यक चिंता भी पैदा होती है। भाजपा नेता ने बताया कि उन्होंने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए केंद्र और राज्य स्तर पर भी बात की है। उन्होंने केंद्रीय जल संसाधन मंत्री तथा राजस्थान के सिंचाई मंत्री सुरेश रावत से चर्चा कर उन्हें अवगत कराया कि इस प्रकार के बयान किसानों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे किसान मेहनती हैं और पूरी निष्ठा के साथ देश के लिए अन्न उत्पादन करते हैं, इसलिए उन्हें किसी प्रकार की अफवाहों से प्रभावित नहीं होना चाहिए। अमित चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और भविष्य में पानी की उपलब्धता बढ़ाने की दिशा में गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सिंधु जल संधि में सुधार की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे आने वाले समय में क्षेत्र को और अधिक पानी मिलने की संभावना है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की आदत बन गई है कि वह बेबुनियाद बयानबाजी कर लोगों को गुमराह करने का प्रयास करती है, लेकिन किसान अब इन बातों को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों के हित में लगातार कार्य कर रही है और आगे भी इसी प्रतिबद्धता के साथ काम करती रहेगी। चौधरी ने कहा कि पूर्व सिंचाई मंत्री डॉ. रामप्रताप ने अपने कार्यकाल में पंजाब तक नहरों को पक्का करवाकर राजस्थान के हिस्से का पानी सुनिश्चित किया था। इससे यह स्पष्ट होता है कि प्रदेश में किसानों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए हमेशा ठोस कदम उठाए गए हैं। उन्होंने अंत में किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और निश्चिंत होकर अपनी फसल की बुआई तथा अन्य कृषि कार्य जारी रखें।
