हनुमानगढ़। पहले से विक्रय की जा चुकी कृषि भूमि को दोबारा बेचकर लाखों रुपए की ठगी करने के आरोप में टाउन पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर 12, गांव नौरंगदेसर निवासी 64 वर्षीय किसान गिरधारी सिंह पुत्र जीत सिंह ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि मार्च 2026 में गांव के ही संदीप सिंह व पाला सिंह उसके पास आए और चक 3 एमडब्ल्यूएम स्थित अपनी कृषि भूमि बेचने की बात कही। आरोपियों ने जमीन की जमाबंदी दिखाकर उसे भरोसे में लिया और मौके पर जमीन दिखाकर सौदा तय कर लिया। प्रार्थी के अनुसार उसने उक्त कृषि भूमि करीब 39 लाख 40 हजार रुपए में खरीदने की सहमति दी। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने किसी अनिल शर्मा से 10 लाख रुपए उधार ले रखे हैं, जिसे चुकाने के लिए वे जमीन बेच रहे हैं। इस पर भरोसा कर 18 मार्च 2026 को उप-पंजीयक कार्यालय नौरंगदेसर में डीएलसी रेट के अनुसार रजिस्ट्री करवाई गई तथा भुगतान चेक व नकद के माध्यम से कर दिया गया। इसके बाद जमीन का कब्जा भी प्रार्थी को सौंप दिया गया। लेकिन जब गिरधारी सिंह नामांतरण (इंतकाल) दर्ज करवाने के लिए पटवारी के पास पहुंचे तो उन्हें पता चला कि उक्त जमीन पहले ही सुनीता रानी शर्मा के नाम विक्रय हो चुकी है। इस पर जब उसने आरोपियों से संपर्क किया तो आरोपियों ने कथित रूप से स्वीकार किया कि उन्होंने पहले ही जमीन बेच दी थी और जानबूझकर दोबारा सौदा कर उससे रुपए हड़पे हैं। रिपोर्ट के अनुसार 4 अप्रैल 2026 को गांव में पंचायत भी हुई, जिसमें आरोपियों ने अपनी गलती मानते हुए 8 अप्रैल तक पूरी राशि लौटाने का लिखित आश्वासन दिया, लेकिन इसके बावजूद पैसे वापस नहीं किए। पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपी मिलकर भोले-भाले लोगों को फंसाकर ठगी करते हैं और उसके साथ भी साजिशपूर्वक 39.40 लाख रुपए हड़प लिए। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रकरण की जांच सहायक उपनिरीक्षक राजाराम स्वामी को सौंपी गई है। पुलिस पूरे मामले में दस्तावेजों व लेन-देन की जांच कर रही है।
