– सॉफ्ट स्किल प्रोग्राम के तहत बैठक आयोजित, परिवादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार और बेहतर संवाद पर जोर
हनुमानगढ़। पुलिस मुख्यालय राजस्थान, जयपुर की ओर से संचालित सॉफ्ट स्किल प्रोग्राम के तहत मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में पुलिस अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। सेवानिवृत्त महानिरीक्षक पुलिस आनंद वी शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पुलिसिंग में व्यवहार कौशल, संवाद क्षमता, तनाव प्रबंधन एवं व्यावसायिक दक्षता बढ़ाने पर चर्चा हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक बी आदित्य, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अरविंद बिश्नोई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एसआईयूसीएडब्ल्यू राज कंवर सहित जिले के वृताधिकारी एवं थाना प्रभारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान आनंद वी शुक्ला ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के व्यवहार कौशल और कार्यशैली से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि फील्ड ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों को परिवादियों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करना चाहिए। उनकी समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनने के साथ प्रभावी तरीके से सुनवाई सुनिश्चित करना पुलिस की कार्यशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कानून-व्यवस्था की ड्यूटी के दौरान संयम बनाए रखने, व्यावसायिक दक्षता में सुधार करने तथा आमजन के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि बेहतर व्यवहार और प्रभावी संवाद से पुलिस एवं आमजन के बीच विश्वास और मजबूत किया जा सकता है। बैठक में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तनावमुक्त रखने और कार्यस्थल पर तनाव को प्रभावी ढंग से प्रबंधित करने के उपायों पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को तनाव के कारणों और उसके प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए सकारात्मक कार्यशैली अपनाने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में पुलिसिंग को अधिक संवेदनशील, प्रभावी और जनोन्मुखी बनाने के लिए व्यवहार कौशल विकसित करने तथा सकारात्मक कार्य वातावरण बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया गया। कार्यक्रम के समापन पर पुलिस अधीक्षक बी आदित्य ने सेवानिवृत्त महानिरीक्षक पुलिस आनंद वी शुक्ला को स्मृति-चिह्न भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया।
