हनुमानगढ़। गोलूवाला थाना पुलिस ने नंदेवाली ढाणी स्थित एक मकान पर छापा मारकर 600 प्रतिबंधित ट्रामाडोल की नशीली टेबलेट बरामद की हैं। कार्रवाई के दौरान मकान मालिक मौके पर नहीं मिला। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, गोलूवाला थाना प्रभारी तेजवंत सिंह के नेतृत्व में गठित टीम गुरुवार देर शाम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने नंदेवाली ढाणी स्थित गुरविन्द्र सिंह पुत्र सुखपाल सिंह के मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान मकान से कुल 600 प्रतिबंधित ट्रामाडोल टेबलेट बरामद हुईं। हालांकि कार्रवाई के समय आरोपी गुरविन्द्र सिंह घर पर नहीं मिला। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सदर हनुमानगढ़ थाना प्रभारी राकेश सांखला को सौंपी गई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
