हनुमानगढ़। अनूपगढ़ विधायक शिमला नायक ने कहा कि भाजपा की ओर से नारी वंदन शक्ति अधिनियम 2023 को लेकर गलतफहमी फैलाई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस ने महिला आरक्षण बिल का नहीं, बल्कि उससे जुड़े संशोधन विधेयक का विरोध किया था। शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि नारी वंदन शक्ति अधिनियम 2023 पारित हो चुका है और 16 अप्रैल 2026 को इसका गजट नोटिफिकेशन भी जारी हो चुका है। कांग्रेस इस बिल के समर्थन में पहले भी थी और आज भी है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि तीन वर्षांे तक सरकार इस कानून को लागू करने में गंभीर नहीं रही। इस अधिनियम में 2024 के बाद होने वाली जनगणना को आधार बनाने की बात कही गई थी, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग की महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण अभी तक क्यों नहीं दिया गया। शिमला नायक ने कहा कि भाजपा महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन लागू करना चाहती है, लेकिन न तो परिसीमन आयोग का गठन किया गया है और न ही कोई स्पष्ट गाइडलाइन जारी की गई है। उन्होंने मांग की कि निष्पक्ष निर्णय के लिए जल्द से जल्द परिसीमन आयोग का गठन किया जाए। उन्होंने कांग्रेस के इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी ने हमेशा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए काम किया है और पंचायतीराज में 33 प्रतिशत आरक्षण भी कांग्रेस ने ही दिया था। वहीं भाजपा पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाया। प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि देश के ज्वलंत मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के मुद्दे उठाए जा रहे हैं। उन्होंने पहलवानों के आंदोलन और अन्य घटनाओं का हवाला देते हुए सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाए। विधायक ने महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं को भी उठाया। उन्होंने कहा कि मंडियों में गेहूं की खरीद को लेकर अव्यवस्थाएं हैं और किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। अंत में उन्होंने मांग की कि नारी वंदन शक्ति अधिनियम को जल्द लागू कर आगामी चुनाव उसी के आधार पर कराए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि महिलाओं को उनका हक नहीं मिला तो यह लड़ाई सड़क से लेकर विधानसभा और लोकसभा तक लड़ी जाएगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर, महिला कांग्रेस प्रदेश सचिव कृतिका चौधरी, पूर्व जिला प्रमुख कविता मेघवाल, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुलोचना बावरी, जिला उपाध्यक्ष संतोष नायक, मंजू सोनी, मोनिका, रेखा राजपूत, माया, राजेश्वरी, श्रेया, अमनदीप कौर, डॉ. महेंद्र सांगवाल मौजूद रहे।
