हनुमानगढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर की ओर से संचालित विशेष अभियान एम्पावरिंग राजस्थान यूथ: ए लीगल लिटरेसी इनिशिएटिव-2026 के तहत मंगलवार को जिले में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष तनवीर चौधरी के निर्देशन एवं सचिव गजेन्द्र सिंह तेनगुरिया के मार्गदर्शन में ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूसडे के अंतर्गत किया गया। एलएडीसी अधिवक्ताओं और कर्मचारियों की टीम ने विभिन्न विद्यालयों में जाकर कक्षा 8वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, साइबर बुलिंग, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन फ्रॉड और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में जानकारी दी। इस अभियान की थीम ‘क्लिक करने से पहले सोचो: ऑनलाइन सुरक्षित रहो, इंटरनेट सब कुछ याद रखता हैÓ रखी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि मोबाइल फोन का अत्यधिक और गलत उपयोग उनके शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव डालता है और कई बार उन्हें आपराधिक गतिविधियों की ओर भी ले जा सकता है। वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि मोबाइल और इंटरनेट का दुरुपयोग कानूनन अपराध है और इसके लिए सख्त दंड का प्रावधान है। विद्यार्थियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि से सावधान रहने की सलाह दी गई। इस अभियान के माध्यम से युवाओं में कानूनी जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें साइबर अपराधों से सुरक्षित रहने के प्रति प्रेरित किया गया।
