हनुमानगढ़। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के निर्देश पर राजस्थान में संगठन को मजबूत करने और आगामी पंचायत राज व निकाय चुनावों में पार्टी की मजबूत दावेदारी सुनिश्चित करने के लिए संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में पार्टी की ओर से राजस्थान में 10 नए सह प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। इन नियुक्तियों के बाद राज्य स्तरीय पदाधिकारियों की बैठक जयपुर स्थित पिंक सिटी प्रेस क्लब में आयोजित की गई। बैठक में पार्टी संगठन को मजबूत बनाने और स्थानीय चुनावों में उम्मीदवारों के चयन को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की गई। पार्टी पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पंचायत और निकाय चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों के नाम तुरंत प्रभारी धीरज टोकस और सह प्रभारी भारद्वाज को भेजे जाएं। बैठक में सभी सह प्रभारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपनी-अपनी जिम्मेदारी वाले क्षेत्रों में तुरंत विधानसभा स्तर पर दौरे शुरू कर संगठन को सक्रिय करें और चुनावी तैयारियां प्रारंभ करें। पार्टी ने पूरे राजस्थान को 10 क्लस्टर में विभाजित किया है और प्रत्येक सह प्रभारी को लगभग 20-20 विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर और बीकानेर जिलों के कुल 20 विधानसभा क्षेत्रों के लिए दिल्ली के पूर्व विधायक महेंद्र गोयल को प्रभारी नियुक्त किया गया है। बैठक में हनुमानगढ़ जिले के नव नियुक्त पदाधिकारियों ने जिलाध्यक्ष सुरेंद्र बेनीवाल के नेतृत्व में हिस्सा लिया। बैठक में वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष नवीन पालीवाल, प्रदेश महासचिव संगठन विश्वेंद्र सिंह, प्रदेश महासचिव कीर्ति पाठक, प्रदेश सचिव एवं बीकानेर संभाग प्रभारी राजवीर माली, महिला विंग प्रदेश प्रभारी मीना त्यागी सहित प्रदेश कार्यकारिणी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। पार्टी नेतृत्व ने सभी पदाधिकारियों से जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
