संगरिया। बाल नवजीवन मॉडल उच्च माध्यमिक विद्यालय, संगरिया में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर विज्ञान एवं नवाचार को समर्पित विविध गतिविधियों का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय में वर्ष 2019 में स्थापित अटल टिंकरिंग लैब के अंतर्गत प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले विज्ञान मेले का आयोजन इस वर्ष भी अत्यंत उत्साह, अनुशासन एवं रचनात्मकता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना, नवाचार के प्रति रुचि बढ़ाना तथा प्रयोगात्मक ज्ञान को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ ‘मिशन साइंटिस्ट’ से जुड़े रविन्द्र पूनियां (पूर्व प्रधानाचार्य) द्वारा महान वैज्ञानिकों पर आधारित प्रदर्शनी के उद्घाटन के साथ हुआ। अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में उन्होंने कहा कि जीवन में महान उपलब्धियाँ छोटे-छोटे सतत प्रयासों से ही संभव होती हैं। जैसे एक-एक दिन मिलकर युग बनता है और एक-एक ईंट से भव्य महल का निर्माण होता है, उसी प्रकार विश्व के महान वैज्ञानिकों की यात्रा भी छोटे प्रयोगों और असफलताओं से होकर गुजरती है। उन्होंने विद्यार्थियों से जिज्ञासु बने रहने, प्रश्न पूछने और निरंतर सीखते रहने का आह्वान किया।

इस वर्ष का विज्ञान मेला महान वैज्ञानिक लुई पाश्चर को समर्पित रहा। विद्यार्थियों ने उनके जीवन, अनुसंधान कार्यों एवं विज्ञान जगत में दिए गए अमूल्य योगदान को विभिन्न मॉडलों, चार्ट्स और प्रयोगों के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। प्रदर्शनी में स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, नवीकरणीय ऊर्जा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी जैसे विषयों पर आधारित नवाचारी मॉडल दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहे। कार्यक्रम में संस्था अध्यक्ष बहादुर सिंह गोदारा सहित विशिष्ट अतिथि संदीप गोदारा, एडवोकेट तवीन सेठी एवं एडवोकेट तपेश राहड़ उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास, मंच कौशल एवं तार्किक सोच का विकास होता है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन द्वारा विज्ञान को व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत करने के प्रयासों की भी प्रशंसा की। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता “सोशल मीडिया – वरदान या अभिशाप” में विद्यार्थियों ने प्रभावशाली तर्कों के साथ अपने विचार प्रस्तुत किए।

‘पक्ष’ से पूर्वी (कक्षा 9), रितिका (कक्षा 11), हर्ष पारीक (कक्षा 11) एवं दिशा (कक्षा 7) विजेता रहे, जबकि ‘विपक्ष’ से रजनीश एवं यशिका (दोनों कक्षा 11) को विजेता घोषित किया गया। प्रतियोगिता ने सामाजिक विषयों पर विद्यार्थियों की समझ और अभिव्यक्ति क्षमता को उजागर किया। प्रदर्श प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में मुकुंद पुरी (कक्षा 7) ने प्रथम, भूमिका (कक्षा 6) ने द्वितीय तथा चेतना (कक्षा 6) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सीनियर वर्ग में हर्ष पारीक प्रथम, रिया द्वितीय एवं प्रभजोत कौर तृतीय स्थान पर रहे। इसके अतिरिक्त कक्षा 11 के नमन मित्तल ने पावर पॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से AI (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) विषय को सरल, रोचक एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर विशेष प्रशंसा प्राप्त की। विद्यालय के प्रधानाचार्य महावीर गोस्वामी ने बताया कि सभी विजेताओं को मेडल प्रदान किए गए तथा समस्त प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। विशेष उपलब्धि के लिए मुकुंद पुरी एवं हर्ष पारीक को नकद पुरस्कार भी प्रदान किए गए। इस अवसर पर अतिथियों के साथ ही दैनिक भास्कर के संवाददाता जुगल किशोर स्वामी तथा ‘अनुभव केसरी’ के संपादक अमरनाथ पेंटर को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं स्टाफ का सराहनीय सहयोग रहा। समापन अवसर पर यह संदेश दिया गया कि विज्ञान केवल विषय नहीं, बल्कि जीवन को समझने और बेहतर भविष्य गढ़ने का माध्यम है।
