ऐलनाबाद। चौधरी मनीराम झोरड़ राजकीय महाविद्यालय, मीठी सुरेरा में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सज्जन कुमार की अध्यक्षता में एनएसएस इकाई, माई भारत पोर्टल एवं विज्ञान संकाय के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण का विकास करना तथा विज्ञान के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. सज्जन कुमार ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच अपनाने, जिज्ञासा एवं अनुसंधान की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विज्ञान को समाज की प्रगति का आधार बताते हुए विद्यार्थियों से निरंतर सीखते रहने और नवाचार को अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विज्ञान संकाय के अध्यक्ष प्रो. राजवीर सिंह ने विद्यार्थियों को रमन प्रभाव के बारे में सरल एवं प्रभावशाली ढंग से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जब प्रकाश किसी पारदर्शी माध्यम से गुजरता है, तो उसके कुछ अंश की तरंगदैर्घ्य में परिवर्तन हो जाता है, जिसे रमन प्रभाव कहा जाता है। साथ ही उन्होंने इस खोज के वैज्ञानिक महत्व तथा आधुनिक विज्ञान एवं तकनीक में इसके उपयोग पर प्रकाश डाला। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के उपलक्ष्य में विज्ञान विषय पर भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने विज्ञान, नवाचार और वैज्ञानिक सोच पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में दीपिका ने प्रथम, सिवानी ने द्वितीय तथा मोनिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल की भूमिका प्रो. अशोक कुमार, डॉ. कविता चौधरी एवं डॉ. पूजा ने निभाई। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य डॉ. सज्जन कुमार, माई भारत पोर्टल इंचार्ज प्रो. प्रवीण अग्रवाल तथा एनएसएस एवं विज्ञान संकाय के इंचार्ज प्रो. राजवीर सिंह को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।
