– अमित सहू बोले-पट्टों की समस्या दूर कराएंगे, पानी-सीवरेज और सामुदायिक केंद्र होंगे प्राथमिकता; 11 सितंबर को भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील
हनुमानगढ़। जंक्शन के वार्ड नंबर 50 से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी अमरजीत सोनी के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन शुक्रवार को भाजपा युवा नेता अमित सहू ने रिबन काटकर किया। इस दौरान बड़ी संख्या में वार्डवासी एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में वार्ड की समस्याओं पर चर्चा के साथ भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील की गई। भाजपा युवा नेता अमित सहू ने कहा कि भाजपा झूठे आश्वासन देने में विश्वास नहीं रखती। पार्टी वही वादा करती है, जिसे पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि वार्डवासियों को पट्टे बनवाने में आ रही परेशानियों को दूर करवाकर पात्र लोगों के पट्टे बनवाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
विधायक पर साधा निशाना
अमित सहू ने निर्दलीय विधायक पर राजनीतिक कटाक्ष करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल को लेकर जनता के सामने कई सवाल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब 650 करोड़ रुपए की संपत्ति बेच दी गई, जबकि अब जनता से दोबारा समर्थन मांगकर नगर परिषद में अपना बोर्ड बनाने की बात कही जा रही है।

उन्होंने कहा कि विकास के लिए 50 करोड़ रुपए खर्च करने की बात कही जा रही है, लेकिन केवल घोषणाओं से जनता का विश्वास हासिल नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि वोट लेने के लिए जनता के दिलों में जगह बनानी पड़ती है और विश्वास अर्जित करना पड़ता है। सहू ने वार्डवासियों से 11 सितंबर को भाजपा प्रत्याशी अमरजीत सिंह के पक्ष में मतदान कर उन्हें विजयी बनाने की अपील की, ताकि नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बन सके।
जनता ने रखीं पानी-सीवरेज और सामुदायिक केंद्र की समस्याएं
कार्यक्रम के दौरान वार्डवासियों ने भाजपा युवा नेता अमित सहू के समक्ष सामुदायिक केंद्र के अभाव, पानी और सीवरेज से जुड़ी समस्याएं रखीं। इस पर सहू ने कहा कि यदि वार्ड से भाजपा प्रत्याशी विजयी होता है और इन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे अगले चुनाव में इस वार्ड में पार्टी प्रत्याशी के लिए वोट मांगने नहीं आएंगे। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए केवल चुनावी वादा नहीं, बल्कि वार्डवासियों की समस्याओं के समाधान के प्रति प्रतिबद्धता है। भाजपा प्रत्याशी अमरजीत सोनी ने भी वार्डवासियों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि यदि जनता का आशीर्वाद मिला तो वार्ड के प्रत्येक पात्र निवासी का जायज काम करवाने के लिए पूरी निष्ठा से प्रयास किया जाएगा। उन्होंने वार्ड के विकास एवं मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को अपनी प्राथमिकता बताया।
