हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल में गुरुवार को राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएएस) 2024 में 85वीं रैंक हासिल करने वाले मोहित गोदारा का समारोहपूर्वक अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द बिश्नोई मौजूद रहे। उन्होंने मोहित गोदारा को शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। गौरतलब है कि मोहित गोदारा की प्रारंभिक शिक्षा इसी स्कूल से हुई है।

अपने संबोधन में उन्होंने बताया कि सिविल सर्विस में जाने की प्रेरणा उन्हें स्कूली शिक्षा के दौरान ही मिली। उन्होंने कहा कि उनके व्यक्तित्व विकास में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही और डीएवी स्कूल ने उन्हें आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार भी दिए। मोहित गोदारा ने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि वर्तमान समय में बच्चे मोबाइल फोन पर अधिक समय व्यतीत कर रहे हैं, जिससे उनकी पढ़ाई और प्रदर्शन प्रभावित होता है।

उन्होंने अभिभावकों और बच्चों दोनों से अपील की कि मोबाइल फोन के उपयोग पर नियंत्रण रखें और पढ़ाई के साथ-साथ शारीरिक गतिविधियों पर भी ध्यान दें। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को देते हुए बताया कि यह उनका चौथा प्रयास था और पिछले आठ वर्षांे में परिवार ने हमेशा उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों पर अनावश्यक दबाव न डालें, बल्कि उन पर विश्वास रखते हुए सही मार्गदर्शन दें। कार्यक्रम में संबोधित करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद बिश्नोई ने बच्चों को नशे से दूर रहने, स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने और उसे हासिल करने के लिए समर्पण भाव से मेहनत करने की प्रेरणा दी।

उन्होंने मोबाइल फोन का सीमित उपयोग करने और सड़क सुरक्षा के तहत दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने के लिए भी जागरूक किया। समारोह में स्कूल स्टाफ, विद्यार्थी और अभिभावक मौजूद रहे। समारोह में मोहित गोदारा के पिता हेमंत गोदारा, गुरप्रीत सिंह व स्कूल प्रिंसिपल मीनू गुप्ता सहित कई अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


