हनुमानगढ़। जंक्शन शहर की शंकर नगर कॉलोनी के रहवासियों ने क्षेत्र में किरायेदारों की ओर से लगातार शोर-शराबा और अशांति फैलाने की शिकायत को लेकर शुक्रवार को जंक्शन पुलिस थाना में प्रार्थना-पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की। रहवासियों के अनुसार कॉलोनी के कुछ फ्लैटों में रहने वाले युवक-युवतियां देर रात तक तेज आवाज में गाने बजाकर नाच-गाना करते हैं, जिससे बुजुर्गांे की नींद प्रभावित हो रही है और बच्चों की पढ़ाई में बाधा उत्पन्न हो रही है। साथ ही रात के समय शराब व नशीले पदार्थांे के सेवन की भी शिकायत की गई है। शिकायत में यह भी बताया गया कि दिन के समय कुछ युवक अपनी बुलेट मोटर साइकिलों के साइलेंसर में बदलाव कर तेज आवाज के साथ कॉलोनी में घूमते रहते हैं, जिससे महिलाओं और बच्चों को असुविधा हो रही है और उनका बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। रहवासियों का कहना है कि कॉलोनी के जिम्मेदार लोगों की ओर से कई बार समझाने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ, बल्कि संबंधित युवक बदतमीजी पर उतर आते हैं। फ्लैट मालिकों को भी इस संबंध में सूचित किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई गई है। शिकायत के अनुसार, सुरक्षा कर्मियों की ओर से रोकने पर कुछ युवक-युवतियां दीवार फांदकर कॉलोनी में प्रवेश करते हैं, जो सुरक्षा के लिहाज से गंभीर मामला है। रहवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि संबंधित किरायेदारों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए कॉलोनी में शांति व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और आवश्यकता होने पर फ्लैट खाली करवाने की कार्रवाई भी की जाए।
