– कार्रवाई नहीं होने से आक्रोशित परिजन व ग्रामीण बोले-दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन होगा और उग्र”, निष्पक्ष जांच की उठी मांग
हनुमानगढ़। मर्ग नंबर 11/2026 में युवक विनोद कुमार की संदिग्ध मौत के मामले में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण मसीतांवाली हेड थाने के आगे एकत्र हुए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि घटना के बाद से लगातार पुलिस को तथ्यों और संदेह के आधार पर जानकारी दी गई, लेकिन अब तक न तो किसी संदिग्ध से प्रभावी पूछताछ की गई और न ही मामले का खुलासा किया गया। इससे परिजनों में भारी रोष व्याप्त है। मृतक के परिजनों का कहना है कि विनोद कुमार गाय चराने के लिए गया था, जिसके बाद वह रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। बाद में उसकी लाश नहर क्षेत्र में मिलने से मामला और संदिग्ध हो गया। परिजनों का आरोप है कि जिन लोगों के साथ विनोद आखिरी बार देखा गया था, उनकी भूमिका की गंभीरता से जांच नहीं की गई। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि यदि पुलिस जल्द निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं करती है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि न्याय मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए, ताकि मृतक के परिवार को न्याय मिल सके और दोषियों को कानून के अनुसार सजा मिले।
