ऐलनाबाद। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण के निर्देशानुसार अवैध शराब बेचने वालों और खुर्दा संचालकों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शहर थाना पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को 61 बोतल अवैध शराब सहित गिरफ्तार किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए शहर थाना प्रभारी ने बताया कि थाना की एक पुलिस टीम गश्त के दौरान वाल्मिकी चौक की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से एक व्यक्ति हाथ में प्लास्टिक का थैला लेकर आता दिखाई दिया। पुलिस वाहन को देखकर वह व्यक्ति अचानक मुड़कर भागने का प्रयास करने लगा। शक के आधार पर पुलिस टीम ने उसे काबू कर नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी सौरभ पुत्र गंगाधर निवासी वाल्मिकी चौक सिरसा के कब्जे से 48 बोतल अवैध शराब बरामद हुई। वहीं एक अन्य मामले में शहर थाना सिरसा की सब्जी मंडी पुलिस चौकी की टीम ने गश्त के दौरान कपास मंडी क्षेत्र से एक व्यक्ति को 52 पव्वे अवैध शराब सहित गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विक्की पुत्र रामप्रताप निवासी शिव चौक, अनाज मंडी सिरसा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत थाना शहर सिरसा में मामला दर्ज कर लिया है तथा अवैध शराब की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जांच शुरू कर दी है।
संवाददाता- रमेश भार्गव
