हनुमानगढ़। 74वीं अखिल भारतीय पुलिस वॉलीबॉल क्लस्टर प्रतियोगिता 2025-26 में स्वर्ण पदक जीतकर लौटने वाली राजस्थान पुलिस टीम की खिलाड़ी और हनुमानगढ़ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में तैनात कांस्टेबल मोनिका तिवारी का हनुमानगढ़ पहुंचने पर सम्मान किया गया। पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव ने मोनिका को मेडल पहनाकर तथा मिठाई खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 22 फरवरी से 27 फरवरी तक केरल के तिरुवंतपुरम में आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर की पुलिस टीमों ने भाग लिया।

इस प्रतियोगिता में राजस्थान पुलिस महिला वॉलीबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। विशेष बात यह रही कि राजस्थान पुलिस महिला टीम ने पहली बार अखिल भारतीय पुलिस वॉलीबॉल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा है। मोनिका तिवारी ने राजस्थान पुलिस टीम की ओर से प्रतियोगिता में भाग लेते हुए अपने खेल कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनकी इस उपलब्धि से न केवल हनुमानगढ़ पुलिस बल्कि पूरे राजस्थान पुलिस विभाग में खुशी का माहौल है। उनके सम्मान समारोह के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी उन्हें बधाई दी और उनकी उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया। मोनिका तिवारी वर्तमान में पुलिस अधीक्षक कार्यालय हनुमानगढ़ में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत हैं। खेल के प्रति उनकी लगन, मेहनत और अनुशासन ने उन्हें यह महत्वपूर्ण उपलब्धि दिलाई है।

उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में जीत हासिल करना उनके लिए बेहद गर्व की बात है और टीम के सभी खिलाड़ियों ने मिलकर पूरे समर्पण के साथ खेला। मोनिका ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव तथा टीम के कोच सुनील सामरिया को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार और अधिकारियों का सहयोग तथा कोच के मार्गदर्शन से ही यह उपलब्धि संभव हो सकी। पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव ने मोनिका की सराहना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि से हनुमानगढ़ पुलिस और राजस्थान पुलिस का नाम पूरे देश में गौरवान्वित हुआ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी मोनिका इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विभाग और प्रदेश का नाम रोशन करती रहेंगी। मोनिका की इस सफलता ने अन्य खिलाड़ियों और पुलिसकर्मियों के लिए भी प्रेरणा का काम किया है। उनकी उपलब्धि से युवा खिलाड़ियों को खेलों में आगे बढ़ने और देश-प्रदेश का नाम रोशन करने की प्रेरणा मिल रही है।
