हनुमानगढ़। जिले के हनुमानगढ़ टाउन क्षेत्र स्थित सेंट्रल पार्क में महिलाओं के साथ छेड़छाड़ एवं अभद्र व्यवहार करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की सतर्कता के चलते संभव हो सकी। जानकारी के अनुसार, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट द्वारा टाउन क्षेत्र में नियमित गश्त की जा रही थी। इसी दौरान सूचना प्राप्त हुई कि सेंट्रल पार्क में कुछ युवक वहां आने-जाने वाली महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही यूनिट में पदस्थापित महिला कांस्टेबल संतोष, सुनीता, कृष्णा एवं सुमन बाला तुरंत मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। तत्पश्चात पुलिस थाना हनुमानगढ़ टाउन को सूचित किया गया। सूचना पर उपनिरीक्षक ज्योति मय जाब्ता मौके पर पहुंचीं और त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतवीर सिंह (26) निवासी ढाबा, थाना संगरिया, सुरेन्द्र सिंह (20) निवासी वार्ड नंबर 01 पन्नीवाली, थाना टिब्बी तथा हरविन्द्र सिंह (22) निवासी गंगा, थाना गोरियावाला, तहसील डबावाली (हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों को भविष्य में इस प्रकार की हरकत न करने के लिए पाबंद किया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सार्वजनिक स्थलों पर असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। हनुमानगढ़ पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि ऐसी किसी भी घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
