- ड्रग पैडलर्स और नशे की सप्लाई चेन पर होगा प्रहार, मेडिकल स्टोर्स की जांच और शिक्षण संस्थानों के आसपास बढ़ेगी निगरानी
हनुमानगढ़। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और नशे के बढ़ते खतरे पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। बुधवार को जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में जिला स्तरीय नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर (NCORD) समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट डॉ. खुशाल यादव तथा जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने की। बैठक में जिले को नशे के जाल से बचाने के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने और सूचना तंत्र को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त ड्रग पैडलर्स की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाए। साथ ही नशे की सप्लाई चेन को चिन्हित कर नारकोटिक्स विभाग सहित संबंधित विभागों के सहयोग से संयुक्त अभियान चलाए जाएं।
मेडिकल स्टोर्स और शिक्षण संस्थानों के आसपास रहेगी विशेष नजर
बैठक में नशीली दवाओं की अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए मेडिकल स्टोर्स की जांच करने के निर्देश दिए गए। स्कूलों और कॉलेजों के आसपास विशेष निगरानी रखने के साथ ही ई-सिगरेट, कोडीन और अन्य नशीली दवाओं के अवैध उपयोग एवं बिक्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।
युवाओं को नशे से बचाने के लिए चलेगा जागरूकता अभियान
जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए स्कूल-कॉलेजों और गांवों में जागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही नशे की लत से जूझ रहे व्यक्तियों को नशा मुक्ति केंद्रों और उपचार सुविधाओं से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया गया।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े उपखंड अधिकारी और वृत्ताधिकारी
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद, उप पुलिस अधीक्षक करण सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा, आबकारी विभाग की एईओ मधु उज्ज्वल, ड्रग विभाग के अजय कुमार सबल, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक विक्रम सिंह सहित शिक्षा विभाग, जीआरपी, आरपीएफ, परिवहन विभाग और रोडवेज के अधिकारी मौजूद रहे। वहीं जिले के विभिन्न उपखंडों के एसडीएम और समस्त वृत्ताधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े। बैठक के अंत में सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने, ड्रग पैडलर्स के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने और नशे की रोकथाम के लिए लगातार प्रयास करने के निर्देश दिए गए।
