– 31 मई को प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर दोनों संगठनों ने एक-दूसरे पर भ्रामक प्रचार का लगाया आरोप
हनुमानगढ़। 31 मई को प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और भीम आर्मी भारत एकता मिशन के पदाधिकारियों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। दोनों संगठनों के जिला पदाधिकारियों ने एक-दूसरे पर भ्रामक प्रचार करने और कार्यकर्ताओं को गुमराह करने के आरोप लगाए हैं। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के जिलाध्यक्ष रेवंतराम पंवार ने आरोप लगाया कि उनकी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के हनुमानगढ़ आगमन के नाम पर कुछ लोग चंदा वसूल रहे हैं। पंवार ने कहा कि वर्तमान में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और भीम आर्मी भारत एकता मिशन के वरिष्ठ नेता सत्ता परिवर्तन यात्रा में व्यस्त हैं और पार्टी का कोई राष्ट्रीय नेता हनुमानगढ़ नहीं आ रहा है।

उन्होंने बताया कि विनय रतन उनकी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, जबकि भीम आर्मी भारत एकता मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट विजय कुमार हैं। आगामी दिनों में भीम आर्मी भारत एकता मिशन का कार्यक्रम प्रस्तावित है, न कि आजाद समाज पार्टी का। इसके बावजूद कुछ लोग आयोजन को आजाद समाज पार्टी का कार्यक्रम बताकर लोगों से चंदा एकत्रित कर रहे हैं। रेवन्तराम पंवार ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों से पार्टी कार्यकर्ता भ्रमित हो रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सावधान रहें और संगठनात्मक मर्यादा में रहकर कार्य करें।

वहीं भीम आर्मी भारत एकता मिशन के जिलाध्यक्ष मदन मेघवाल ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने बताया कि 31 मई को भीम आर्मी भारत एकता मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट विजय कुमार आजाद हनुमानगढ़ आ रहे हैं। इस अवसर पर अम्बेडकर भवन में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मदन मेघवाल ने स्पष्ट किया कि उनके संगठन का आजाद समाज पार्टी से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि आजाद समाज पार्टी से जुड़े कुछ लोग सोशल मीडिया पर भ्रामक प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भीम आर्मी भारत एकता मिशन एक सामाजिक संगठन है, जो बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के विचारों को आगे बढ़ाने का कार्य करता है और उसका किसी राजनीतिक दल से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने चंदा वसूली के आरोपों को भी निराधार बताते हुए कहा कि संगठन के कार्यकर्ता सामाजिक मिशन के तहत कार्य कर रहे हैं।
