हनुमानगढ़। राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय एवं एएनएम ट्रेनिंग सेंटर में शुक्रवार को रैगिंग मुक्त परिसर, भय मुक्त शिक्षा विषय पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर की ओर से प्रेषित स्टेट एक्शन प्लान की पालना में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष तनवीर चौधरी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ नालसा थीम सॉन्ग एक मुट्ठी आसमान के प्रसारण के साथ हुआ। महाविद्यालय प्राचार्य राज औलख की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव गजेन्द्र सिंह तेनगुरिया ने छात्र-छात्राओं को रैगिंग निषेध कानून, इसके कानूनी परिणाम, शिकायत निवारण तंत्र तथा उपलब्ध कानूनी सहायता व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने छात्र-छात्राओं के अधिकार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली, राष्ट्रीय लोक अदालत, मध्यस्थता, नि:शुल्क विधिक सहायता, स्थाई लोक अदालत के अंतर्गत आने वाली जनोपयोगी सेवाओं के मामलों सहित राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से संचालित बाल विवाह एवं घरेलू हिंसा रोकथाम संबंधी अभियानों पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम में चीफ एलएडीसी अधिवक्ता ऋषिराज बेनीवाल ने छात्र-छात्राओं को नालसा की जनकल्याणकारी योजनाओं, नि:शुल्क विधिक सहायता तथा हेल्पलाइन नम्बर 15100 के बारे में जानकारी प्रदान की। इस दौरान अधिकार मित्र आकाश, प्राधिकरण स्टाफ, महाविद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
