हनुमानगढ़। ग्राम कोहला (वर्तमान वार्ड 29, टाउन) स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय को माध्यमिक स्तर पर क्रमोन्नत करने तथा विद्यालय में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया गया है। शुक्रवार को ग्राम सहकारी समिति कोहला उपाध्यक्ष भादरराम यादव की ओर से यह ज्ञापन जिला कलक्टर के जरिए भेजा गया। भादरराम यादव ने बताया कि विद्यालय में वर्तमान में केवल दो कमरे हैं, जो अध्ययन के लिए उपयुक्त स्थिति में नहीं हैं। वर्षाकाल में विद्यालय परिसर में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है, जिससे विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि गांव में हिंदी माध्यम का कोई माध्यमिक या उच्च माध्यमिक विद्यालय नहीं होने के कारण गरीब परिवारों के बच्चों को मजबूरी में निजी विद्यालयों में प्रवेश लेना पड़ रहा है, जिससे उन पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। ऐसे में राजकीय प्राथमिक विद्यालय को माध्यमिक स्तर पर क्रमोन्नत किया जाना आवश्यक है। ज्ञापन में विद्यालय में पेयजल व्यवस्था की कमी का भी उल्लेख किया गया। भादरराम यादव के अनुसार बच्चों को प्लास्टिक टंकी से सीधे पानी पीना पड़ रहा है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी खतरा बना हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री से विद्यालय को माध्यमिक स्तर पर क्रमोन्नत करने तथा भवन, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं का शीघ्र समाधान करवाने की मांग की।
