हनुमानगढ़। संगरिया पंचायत समिति क्षेत्र के गांव नगराना में गली में अतिक्रमण किए जाने का मामला सामने आया है। गांव के वार्ड नम्बर 6 के ग्रामीणों ने संगरिया पंचायत समिति के विकास अधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर अतिक्रमण हटाने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि वे वार्ड नम्बर 6 स्थित सोसायटी वाली गली के निवासी हैं और उनके घरों तक आने-जाने के लिए करीब 32 फीट चौड़ी गली बनी हुई है। आरोप है कि वार्ड निवासी मनीष कुमार पुत्र भूपेंद्र स्वामी ने अपने घर के आगे करीब 5 फीट जगह घेरकर चौकी का निर्माण कर रखा है तथा वहां मिट्टी डालकर गली को अवरुद्ध कर दिया है। प्रार्थना पत्र में ग्रामीणों ने कहा कि कई बार समझाने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। गली में मिट्टी और निर्माण होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने पंचायत समिति प्रशासन से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर अतिक्रमण हटवाया जाए ताकि गली को आमजन के लिए सुचारू रूप से उपयोग में लाया जा सके।
