हनुमानगढ़। जिले में सड़क सुरक्षा नियमों की पालना सुनिश्चित करने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से परिवहन विभाग की ओर से सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उड़नदस्तों की सक्रियता के चलते ओवरलोडिंग, कर बकाया और यातायात नियमों के उल्लंघन जैसे मामलों में प्रभावी नियंत्रण देखने को मिल रहा है। जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय के परिवहन निरीक्षक रतनलाल मीना ने बताया कि गत माह अप्रैल में सड़क सुरक्षा नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ व्यापक स्तर पर चालान की कार्रवाई की गई। इस दौरान करीब 150 चालान बनाए गए, जिनमें ओवरलोड वाहनों के 51 चालान शामिल हैं। ओवरलोडिंग के मामलों में विभाग की ओर से सख्ती दिखाते हुए लगभग 16 लाख रुपए की जुर्माना राशि वसूली गई। इसके अलावा कर जमा नहीं करवाने वाले 30 वाहनों के चालान बनाकर उन्हें जब्त करने की कार्रवाई भी की गई। विभाग ने स्पष्ट किया कि जिन वाहन स्वामियों ने समय पर कर जमा नहीं करवाया है, उनके खिलाफ पेनल्टी के साथ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। परिवहन निरीक्षक ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में क्षमता से अधिक माल भरकर परिवहन करने के मामलों में भी कार्रवाई की गई है। खासकर तूड़ी से भरे ओवरलोड वाहनों पर विशेष निगरानी रखते हुए उन्हें जब्त किया जा रहा है। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी अप्रैल माह में करीब 45 चालान बनाए गए। इसी क्रम में सोमवार को भी एक ओवरलोड ट्रक को पकड़ा गया, जिसका पिछले दो वर्षांे का कर बकाया है। इस वाहन से करीब डेढ़ लाख रुपए के राजस्व की वसूली होने की संभावना है। परिवहन विभाग ने वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे अपने वाहनों का कर समय पर जमा करवाएं और नियमों का पालन करें। कर बकाया होने पर वाहन जब्त किए जा सकते हैं और अतिरिक्त पेनल्टी भी लगाई जाएगी। साथ ही वाहन चालकों से अंडरलोड वाहन चलाने और सड़क सुरक्षा नियमों की पालना करने का आग्रह किया गया है, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और सभी के लिए सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।
