आजमगढ़। भारतीय जनता पार्टी के दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण शिविर का मंगलवार को समापन हो गया। 11 सत्रों में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन अवसर पर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महेंद्र नाथ पांडे ने कहा कि भाजपा निरंतर कार्य करने और संगठन को मजबूत बनाने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता जनता और सरकार के बीच सेतु की भूमिका निभाते हैं। कार्यकर्ता जनता की समस्याओं को सरकार और पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाने के साथ-साथ सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि पार्टी के विचारों और चुनौतियों को समझकर समाज के बीच प्रभावी ढंग से रखना चाहिए। साथ ही समाज की समस्याओं और अपेक्षाओं को पार्टी मंच के माध्यम से सरकार तक पहुंचाना चाहिए। गठबंधन और विपक्ष के सवाल पर उन्होंने कहा कि विपक्ष केवल सीटों की राजनीति में उलझा रहा, जबकि भाजपा प्रदेश में एक बार फिर सरकार बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है और हैट्रिक लगाने की तैयारी में है। महेंद्र नाथ पांडे ने कहा कि भाजपा के सिद्धांतों की अभिव्यक्ति “भारत माता की जय” के उद्घोष से होती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र भू, जन और संस्कृति के समन्वय से बनता है और राष्ट्रभक्ति तथा राष्ट्रसेवा भाजपा के मूल आधार हैं। उन्होंने बताया कि भाजपा का मूल सिद्धांत एकात्म मानव दर्शन है। पार्टी ने अपने प्रथम अधिवेशन में पांच निष्ठाओं की घोषणा की थी, जिनमें राष्ट्रवाद और राष्ट्रीय एकात्मता, लोकतंत्र, शोषणमुक्त एवं समतायुक्त समाज की स्थापना, सकारात्मक पंथनिरपेक्षता और मूल्य आधारित राजनीति के साथ आर्थिक एवं राजनीतिक विकेंद्रीकरण शामिल हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता और अखंडता के लिए भाजपा ने लगातार संघर्ष किया है और धारा 370 की समाप्ति पार्टी की संकल्प शक्ति का प्रमाण है। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा का बूथ समिति से लेकर संसदीय बोर्ड तक का ढांचा आंतरिक लोकतंत्र का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि भाजपा मजहब और पंथ के आधार पर वोट बैंक और तुष्टिकरण की राजनीति का विरोध करती है तथा सभी धर्मों के प्रति समान दृष्टिकोण रखते हुए भेदभाव रहित शासन और सबके लिए न्याय सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष आजमगढ़ सदर ध्रुव सिंह, अशोक सिंह, हरिचरण कुशवाहा, संतोष सिंह, देवेंद्र सिंह, अखिलेश मिश्रा गुड्डू, जयनाथ सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
