हनुमानगढ़। प्री-स्कूल द आई-स्कूल वाय एजुमेटा में 5 फरवरी से आयोजित विशेष एक्टिविटी कैंप इन दिनों बच्चों और अभिभावकों के बीच खासा आकर्षण का केन्द्र बना हुआ है। कैंप में 2.5 से 6 वर्ष तक के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए सीखने और मनोरंजन का अनूठा संगम अनुभव किया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कैंप का उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना है। कैंप के दौरान बच्चों को उनकी आयु के अनुरूप रचनात्मक, शैक्षणिक और शारीरिक गतिविधियों से जोड़ा गया, जिससे उनमें आत्मविश्वास, सामाजिक व्यवहार और सीखने की रुचि विकसित हो सके। कैंप में बच्चों ने आर्ट एंड क्राफ्ट, थीम बेस्ड एक्टिविटी, फिजिकल गेम्स, ब्रेन डेवलपमेंट गतिविधियां, म्यूजिक एवं डांस के साथ-साथ हाइट मेजरमेंट और पर्सनालिटी ग्रूमिंग जैसी उपयोगी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रंग-बिरंगी सामग्री और खेल-खेल में सीखने की पद्धति ने बच्चों को विशेष रूप से आकर्षित किया।

आर्ट एंड क्राफ्ट सत्र में बच्चों ने अपनी कल्पनाशक्ति का प्रदर्शन करते हुए सुंदर कलाकृतियां तैयार कीं, वहीं थीम आधारित गतिविधियों ने उन्हें समूह में काम करने और अभिव्यक्ति का अवसर दिया। फिजिकल गेम्स के माध्यम से बच्चों की शारीरिक सक्रियता बढ़ी, जबकि ब्रेन डेवलपमेंट गतिविधियों ने उनकी सोचने-समझने की क्षमता को मजबूत किया। म्यूजिक और डांस सत्र में बच्चों ने ताल और लय के साथ खूब आनंद उठाया। अभिभावकों ने भी विद्यालय की इस पहल की सराहना की है। उनका कहना है कि इस तरह के कैंप बच्चों को मोबाइल और स्क्रीन से दूर रखकर उन्हें सकारात्मक और सुरक्षित वातावरण में सीखने का अवसर प्रदान करते हैं। कई अभिभावकों ने इसे बच्चों के आत्मविश्वास और सामाजिक विकास के लिए उपयोगी कदम बताया। विद्यालय निदेशक पंकज उप्पल ने बताया कि एक्टिविटी कैंप का मुख्य उद्देश्य बच्चों को पारंपरिक पढ़ाई के साथ-साथ गतिविधि आधारित शिक्षण से जोड़ना है, ताकि वे खेल-खेल में सीख सकें। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में बच्चों को मोबाइल से दूर रखना बड़ी चुनौती है, और ऐसे कैंप इस दिशा में प्रभावी साबित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय भविष्य में भी इस प्रकार के नवाचारपूर्ण कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा, जिससे बच्चों को सुरक्षित, संस्कारयुक्त और आनंदमय शिक्षण वातावरण मिल सके। यह एक्टिविटी कैंप 28 फरवरी को सम्पन्न होगा।
