ऐलनाबाद। हरियाणा के पुलिस महानिदेशक के निर्देशानुसार और पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण के नेतृत्व में सिरसा पुलिस द्वारा शनिवार रात जिलेभर में व्यापक स्तर पर नाइट डोमिनेशन अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना तथा अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना रहा। अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने विभिन्न नाकों का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले के भीतर तथा बाहरी क्षेत्रों से आने-जाने वाले सभी वाहनों और व्यक्तियों की गहनता से जांच की जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए। एसपी ने विशेष रूप से जिले की सीमाओं से सटे पंजाब और राजस्थान राज्यों की सीमाओं पर बनाए गए नाकों पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। सीमावर्ती क्षेत्रों में आवागमन करने वाले वाहनों की सघन जांच की गई ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।

इस अभियान में जिले के सभी डीएसपी, एसएचओ, चौकी प्रभारी सहित भारी संख्या में पुलिस बल ने भाग लिया। जिले के विभिन्न स्थानों पर नाके लगाकर वाहनों की जांच की गई और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान करीब 20 वाहनों के चालान भी किए गए। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने बताया कि इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत किया जा सके। उन्होंने कहा कि सिरसा पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसपी ने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
संवाददाता- रमेश भार्गव
