हनुमानगढ़। पीलीबंगा में हनुमानगढ़-सूरतगढ़ रोड पर गणपति पैलेस के पास एक 22 चक्का ट्रक चालक की ओर से अचानक ट्रक मोड़ने से स्कूटी सवार दंपती सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे में महिला के हाथ में फ्रैक्चर हुआ, जबकि उसके पति के आंख के ऊपर माथे पर पांच टांके आए हैं। घटना के संबंध में पीलीबंगा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार राकेश कुमार (35) पुत्र रत्तूराम सांसी निवासी वार्ड नंबर 7, रघुनाथपुरा तहसील सूरतगढ़ ने थाने में रिपोर्ट दी कि 2 अगस्त की सुबह करीब 7.09 बजे उसके पिता रत्तूराम और माता रुक्की देवी टीवीएस स्कूटी पर सवार होकर रघुनाथपुरा से हनुमानगढ़ जा रहे थे। हनुमानगढ़-सूरतगढ़ रोड पर गणपति पैलेस के पास उनके आगे चल रहा 22 चक्का ट्रक संख्या पीबी 03 एपी 2729 के चालक ने बिना साइड देखे अचानक चौधरी ट्रांसपोर्ट कंपनी की तरफ ट्रक मोड़ दिया। इससे स्कूटी सवार रत्तूराम ने संतुलन खो दिया और दोनों सड़क किनारे गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को चौधरी ट्रांसपोर्ट कंपनी, मंडी पीलीबंगा में खड़ा कर वहां से चला गया। राहगीरों ने घायल रत्तूराम व रुक्की देवी को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पीलीबंगा पहुंचाया। घटना की सूचना रुक्की देवी ने फोन पर अपने बेटे राकेश कुमार को दी, जिसके बाद वह पीलीबंगा पहुंचा। रिपोर्ट के आधार पर पीलीबंगा थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। मामले की अनुसंधान जिम्मेदारी हेड कांस्टेबल भीम सिंह को सौंपी गई है। पुलिस की ओर से अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
