–राजीव गांधी खेल स्टेडियम में 25 से अधिक निजी कंपनियां देंगी रोजगार के अवसर
हनुमानगढ़। रोजगार सेवा निदेशालय, जयपुर के आदेशानुसार जिले में आयोजित होने वाले युवा संबल मेला-2026 की तिथि में संशोधन किया गया है। अब यह मेला 14 अगस्त, 2026 को राजीव गांधी खेल स्टेडियम, हनुमानगढ़ में आयोजित किया जाएगा। मेले में 10वीं, 12वीं, स्नातक एवं स्नातकोत्तर, तकनीकी योग्यता प्राप्त तथा आईटीआई, पॉलिटेक्निक एवं बीटेक शिक्षित बेरोजगार आशार्थियों को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। मेले में 25 से अधिक निजी क्षेत्र की कंपनियां विभिन्न क्षेत्रों में 2500 से अधिक रिक्तियों के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेंगी। इनमें सुरक्षा गार्ड, फाइनेंस, मैन्युफैक्चरिंग, ऑटोमोबाइल, कृषि, बैंकिंग, ई-कॉमर्स, रिटेल एवं आईटी सहित विभिन्न क्षेत्र शामिल हैं। मेले में माइंडलैंड माइक्रोफिन लिमिटेड, ऑरिक मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड, लेनोवो इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, भारतीय जीवन बीमा निगम, एनएसएसएस सिक्योरिटीज प्राइवेट लिमिटेड, रिलायंस रिटेल लिमिटेड, ब्लिंकिट, एसपीएल एडिक्टिव्स प्राइवेट लिमिटेड एवं एएसए ग्रुप ऑफ कंपनीज सहित अन्य कंपनियां भाग लेंगी। इसके अतिरिक्त जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान तथा राजस्थान कौशल एवं आजीविका विकास निगम (आरएसएलडीसी) सहित संबंधित विभागों द्वारा स्वरोजगार एवं ऋण योजनाओं के संबंध में युवाओं को मार्गदर्शन एवं जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। उप-क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय के सहायक निदेशक श्री दिनेश चौधरी ने बताया कि इच्छुक बेरोजगार आशार्थी क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीयन कर मेले में भाग ले सकते हैं। अभ्यर्थियों को एंट्री-पास के साथ अपने मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, फोटोयुक्त पहचान-पत्र की मूल प्रति एवं छायाप्रति तथा पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना होगा।उन्होंने जिले के अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं से अपील की कि वे समय पर पंजीयन करवाकर 14 अगस्त को राजीव गांधी खेल स्टेडियम में आयोजित युवा संबल मेले में भाग लें और उपलब्ध रोजगार के अवसरों का लाभ उठाएं।
