हनुमानगढ़। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के मौके पर बुधवार को राष्ट्रीय युवक परिषद की ओर से मानव सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ का सम्मान किया गया। जंक्शन स्थित चंडीगढ़ हॉस्पिटल में आयोजित कार्यक्रम में परिषद के जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन तथा सेवानिवृत्त आरएएस अधिकारी पीआर जैन ने अस्पताल के डॉ. ऋषभ गुप्ता सहित सभी चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ को स्मृति चिन्ह एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने कहा कि चिकित्सक समाज के लिए भगवान का स्वरूप हैं, जो दिन-रात मरीजों की सेवा में समर्पित रहते हैं। कठिन परिस्थितियों, महामारी और आपातकालीन स्थितियों में भी डॉक्टर एवं नर्सिंग स्टाफ मानव जीवन की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं। उनका समर्पण, करुणा और सेवा भाव समाज को स्वस्थ एवं सुरक्षित रखने की मजबूत आधारशिला है। चिकित्सा कर्मियों की निष्ठा और सेवाओं का मूल्य शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। उनका अथक परिश्रम और मानवीय संवेदनाएं हर व्यक्ति के जीवन में नई उम्मीद का संचार करती हैं। पीआर जैन ने कहा कि चिकित्सा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सच्ची साधना है। उन्होंने युवाओं से भी समाज सेवा, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
