– सहकार सप्ताह के तहत टिब्बी शाखा में कृषक सम्मान समारोह आयोजित
टिब्बी। सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सहकार सप्ताह के तहत हनुमानगढ़ केन्द्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड की टिब्बी शाखा में बुधवार को कृषक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में किसानों को बैंक की विभिन्न योजनाओं और सहकारिता मंत्रालय की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम सेवा सहकारी समिति, स्वयं सहायता समूह और किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाखा प्रबंधक संजय दुखाडिया ने की। उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए बैंक की विभिन्न ऋण, बचत एवं अन्य वित्तीय योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सहकारिता आंदोलन का उद्देश्य किसानों और ग्रामीणों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है तथा सहकारिता मंत्रालय की योजनाएं इसी दिशा में प्रभावी भूमिका निभा रही हैं। समारोह के दौरान अमानत संग्रहण एवं विभिन्न योजनाओं के सफल संचालन में उत्कृष्ट योगदान के लिए पीरकामडिया ग्राम सेवा सहकारी समिति की अध्यक्ष हरजीत कौर एवं व्यवस्थापक रघुवीर, जसवीर सिंह संधू (सलेमगढ़), राजीविका कल्याणी स्वयं सहायता समूह तथा राजेन्द्र कुमार पूनियां (शेरेकां) को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बैंकिंग सहायक इन्द्रपाल घोडेला, कार्यवाहक ऋण पर्यवेक्षक कमल बंसल, समिति व्यवस्थापक रामस्वरूप गोदारा, इन्द्रपाल, रघुवीर, रोशनलाल, कंप्यूटर ऑपरेटर ममता, सहायक कर्मचारी अनिता एवं सुनील कुमार सहित बड़ी संख्या में किसान और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
