-भक्ति के रंग में रंगेगा हनुमानगढ़ जंक्शन, कल भव्य कलश यात्रा का आयोजन
हनुमानगढ़। दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के तत्वावधान में आयोजित होने वाली श्रीमद्भागवत कथामृत के शुभारंभ से पूर्व शनिवार, 14 मार्च 2026 को प्रातः 10 बजे भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा दुर्गा मंदिर, हनुमानगढ़ जंक्शन से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः कथा स्थल पर पहुंचेगी। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाएं सिर पर कलश धारण कर भगवान के भजनों और कीर्तन के साथ शामिल होंगी।

यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में धार्मिक और भक्तिमय वातावरण बना रहेगा। संस्थान के पदाधिकारियों ने बताया कि 16 मार्च से 22 मार्च 2026 तक प्रतिदिन सायं 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक अनाज मंडी में श्रीमद्भागवत कथामृत का आयोजन किया जाएगा। कथा का वाचन गुरुदेव आशुतोष महाराज की शिष्या साध्वी भाग्यश्री भारती द्वारा किया जाएगा। आयोजन के दौरान प्रतिदिन श्रद्धालुओं के लिए लंगर भंडारे की व्यवस्था भी की जाएगी। संस्थान की ओर से शहर और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से कलश यात्रा और कथा में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ लेने की अपील की गई है।
