ऐलनाबाद। सीबीएसई बोर्ड द्वारा आयोजित 10वीं व 12वीं की वार्षिक परीक्षाओं को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकल रहित संपन्न करवाने के उद्देश्य से जिला सिरसा पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने जिला के सभी पर्यवेक्षण अधिकारियों, थाना प्रभारियों तथा परीक्षा केंद्रों पर ड्यूटी दे रहे पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को कड़े निर्देश जारी किए हैं। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा है कि परीक्षा केंद्रों के अंदर और बाहर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, नकल करवाने की कोशिश या उपद्रव करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान यदि कोई व्यक्ति परीक्षा प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न करता है तो उसे तुरंत हिरासत में लेकर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। एसपी ने सभी परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों के प्रवेश के समय गहन जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। बिना उचित जांच के किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र में प्रवेश न दिया जाए। विशेष रूप से मोबाइल फोन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यदि परीक्षा के दौरान किसी पर्यवेक्षक या स्टाफ सदस्य के पास मोबाइल फोन पाया जाता है तो संबंधित केंद्र अधीक्षक एवं ऑब्जर्वर को जिम्मेदार ठहराया जाएगा।
सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्राधिकार में आने वाले परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करें। परीक्षा केंद्रों के आसपास के क्षेत्रों में लगातार गश्त की जाए तथा केंद्र के बाहर अनावश्यक भीड़ एकत्रित न होने दी जाए। 200 मीटर के दायरे में किसी भी संदिग्ध या शरारती तत्व की उपस्थिति पाए जाने पर उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा की परीक्षा केंद्रों के नजदीक कोई भी वहां खड़े ना करें पुलिस द्वारा निर्धारित पार्किंग में ही अपने वाहनों को खड़ा करें । संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे केंद्रों पर छतों पर भी पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी ताकि दूर-दूर तक निगरानी रखी जा सके और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत नियंत्रण किया जा सके। ड्यूटी के दौरान सभी पुलिस अधिकारी व कर्मचारी पूर्ण सजगता एवं सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखें। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने सभी थाना प्रभारी एवं ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों से कहा कि परीक्षा के दौरान फोटोकॉपी दुकाने और साइबर कैफे सुबह से परीक्षा समाप्त होने तक बंद रहेंगे, ताकि परीक्षा के दौरान कोई भी अवैध सामग्री साझा न की जा सके। परीक्षा के दौरान आदेश की अवहेलना करने वाले फोटो स्टेट और साइबर कैफे संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए ।
पुलिस अधीक्षक ने यह भी निर्देश दिए हैं कि परीक्षा अवधि समाप्त होने तक कोई भी अधिकारी या कर्मचारी अपने ड्यूटी स्थल को नहीं छोड़ेगा। सरकारी आदेशों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक एवं कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। साथ ही, सभी ग्राम पंचायतों एवं आमजन से अपील की गई है कि वे अपने गांवों में स्थापित परीक्षा केंद्रों पर बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर नजर रखें तथा नकल जैसी कुरीतियों पर अंकुश लगाने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। जिला पुलिस द्वारा परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
