हनुमानगढ़। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 की घोषणा के साथ ही जिले में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला कलक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव की अध्यक्षता में चुनाव प्रकोष्ठ प्रभारियों एवं सहायक प्रभारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कलक्टर डॉ. यादव ने कहा कि चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों एवं आदर्श आचार संहिता की अक्षरशः पालना सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी प्रकोष्ठ प्रभारियों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता, समन्वय एवं समयबद्धता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव संबंधी प्रत्येक कार्य पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं निर्धारित समय-सीमा में संपादित किया जाए, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके। उन्होंने निर्वाचन से जुड़े सभी प्रकोष्ठों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए कार्य करने, आवश्यक तैयारियां समयबद्ध और निर्धारित समय में पूर्ण करने तथा किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए। साथ ही चुनाव आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। बैठक में विभिन्न प्रकोष्ठों की तैयारियों एवं कार्ययोजना की समीक्षा की गई तथा चुनाव प्रक्रिया के दौरान किए जाने वाले कार्यों की विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। इस मौके पर जिला निर्वाचन अधिकारी डॉक्टर खुशाल यादव, उप जिला निर्वाचन अधिकारी उम्मेदी लाल मीणा, जिला परिषद सीईओ सुश्री श्रद्धा गोमे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राज कंवर, डीआईजी स्टांप अवि गर्ग, डीएफओ डॉ. सज्जन सहित सभी प्रकोष्ठों के प्रभारी एवं सहायक प्रभारी मौजूद रहे।
