– आपरेशन चक्रव्यूह के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ में कार्रवाई, आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं छह मामले
हनुमानगढ़। जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य के निर्देशन में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान आॅपरेशन चक्रव्यूह के तहत टिब्बी थाना पुलिस ने वीरवार को बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने मादक पदार्थांे की तस्करी से अवैध संपत्ति अर्जित करने के आरोपी सिकन्दर खान (22) पुत्र अबूबशाह उर्फ भूप खान निवासी वार्ड नंबर 5, गुड़िया पीएस टिब्बी के करीब एक करोड़ रुपए मूल्य के रिहायशी मकान को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ के तहत फ्रीज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की ओर से नशा तस्करी से अर्जित धन से करीब 248.97 वर्गगज क्षेत्रफल में यह रिहायशी मकान बनाया गया था। वित्तीय जांच में आरोपी के पास संपत्ति अर्जित करने के लिए वैध आय का स्रोत नहीं पाया गया। आरोपी के खिलाफ पूर्व में एनडीपीएस एक्ट के पांच प्रकरणों सहित गंभीर धाराओं में कुल छह मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य ने बताया कि जिले में मादक पदार्थांे की तस्करी पर अंकुश लगाने, नशा तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने तथा नशा तस्करी में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए आॅपरेशन चक्रव्यूह चलाया जा रहा है। अभियान के तहत नशे के कारोबार से अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित कर एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के अनुसार फ्रीज और जब्ती की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
251 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा गया था आरोपी
पुलिस के अनुसार 7 दिसंबर 2024 को तत्कालीन टिब्बी थाना प्रभारी धर्मपाल सिंह पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। इस दौरान गांव गुड़िया में कार सवार सिकन्दर खान को 251 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) तथा कार संख्या आरजे 31 सीसी 6793 सहित गिरफ्तार किया गया था। इस संबंध में पुलिस थाना टिब्बी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। अनुसंधान के दौरान आरोपी की वित्तीय जांच की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी पिछले कई वर्षांे से नशा तस्करी में लिप्त था तथा उसके पास संपत्ति अर्जित करने के लिए कोई वैध आय स्रोत नहीं था। पुलिस के अनुसार नशे के कारोबार से अर्जित धन से खरीदे अथवा बनाए गए करीब एक करोड़ रुपए मूल्य के रिहायशी मकान को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ के तहत फ्रीज किया गया है। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द बिश्नोई के निकटतम पर्यवेक्षण तथा वृताधिकारी संगरिया शंकर लाल छाबा के नेतृत्व में टिब्बी थाना प्रभारी राकेश सांखला और पुलिस टीम की ओर से की गई।
