हनुमानगढ़। डबलीबास मोलवी ग्राम पंचायत क्षेत्र की पैतृक संपत्ति को लेकर धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेजों के जरिए कब्जा करने के प्रयास का मामला सामने आया है। इस संबंध में बीकानेर में दर्ज जीरो नम्बर एफआईआर को क्षेत्राधिकार के आधार पर हनुमानगढ़ जंक्शन पुलिस थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। परिवादी बंशीलाल व्यास पुत्र भेरुबक्स व्यास ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उनकी पैतृक संपत्ति ग्राम डबली बास मोलवी में स्थित है, जो उसके दादा सीताराम व्यास के नाम दर्ज थी। शिकायत के अनुसार पैतृक संपत्ति के नामांतरण की प्रक्रिया के दौरान श्यामकरण हर्ष ने फर्जी आपत्तियां प्रस्तुत कर कार्यवाही को बाधित किया और संपत्ति पर अधिकार जताने के लिए विभिन्न दावे किए। परिवादी का आरोप है कि कभी संपत्ति पिता से खरीदी बताई गई तो कभी माता से, जबकि उनके अनुसार संबंधित व्यक्तियों का संपत्ति पर कोई वैधानिक अधिकार नहीं था। परिवाद में यह भी आरोप लगाया गया कि श्यामकरण हर्ष की ओर से प्रस्तुत बैयनामा और अन्य दस्तावेज विधिक रूप से त्रुटिपूर्ण हैं तथा कथित दस्तावेजों में किए गए हस्ताक्षर वास्तविक हस्ताक्षरों से मेल नहीं खाते। शिकायतकर्ता ने मुख्तयारनामा, रजिस्ट्री और अन्य दस्तावेजों को भी फर्जी बताते हुए कहा कि इन्हीं के आधार पर संपत्ति हड़पने की साजिश रची गई। परिवादी ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी पैतृक संपत्ति पर कब्जे का प्रयास किया जा रहा है और उन्हें जान से मारने की धमकियां भी दिलवाई जा रही हैं। मामले में पहले विभिन्न स्तरों पर शिकायतें दी गईं, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक बीकानेर के समक्ष परिवाद प्रस्तुत किया गया। रिपोर्ट के अवलोकन के बाद बीकानेर पुलिस ने जीरो नम्बर एफआईआर दर्ज की। जांच में घटनास्थल हनुमानगढ़ सदर थाना क्षेत्र का पाए जाने पर मामला वहां प्रेषित किया गया। हनुमानगढ़ जंक्शन थाना पुलिस ने प्राप्त जीरो एफआईआर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की तफ्तीश उपनिरीक्षक चुकां को सौंपी गई है।
