हनुमानगढ़। शहर में आज बजरंग दल के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने देश में बढ़ रही कथित जिहादी मानसिकता एवं उससे जुड़ी गतिविधियों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन कर नारेबाजी की और अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के पश्चात कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में देश की आंतरिक सुरक्षा, सामाजिक समरसता और कानून व्यवस्था पर पड़ रहे प्रभाव को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। ज्ञापन में कहा गया कि “लव जिहाद” जैसे मामलों का दायरा लगातार बढ़ रहा है और अब यह शिक्षित एवं व्यावसायिक क्षेत्रों तक पहुंच चुका है। साथ ही कुछ हालिया घटनाओं का उल्लेख करते हुए नाबालिग बालिकाओं के शोषण, ब्लैकमेल और जबरन धर्मांतरण जैसे मामलों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।

इसके अलावा अवैध भूमि कब्जों के जरिए वन भूमि, सार्वजनिक संपत्तियों एवं संवेदनशील क्षेत्रों पर हो रहे अतिक्रमण को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बताया गया। खान-पान से जुड़े विवादों और समाज में वैमनस्य फैलाने के प्रयासों पर भी चिंता जताई गई। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि कुछ क्षेत्रों में हिंदू परिवारों और जनजातीय समाज पर उत्पीड़न की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे उन्हें पलायन के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इन सभी मुद्दों पर त्वरित और कठोर कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया गया। इस मौके पर बजरंग दल के प्रांत संयोजक विक्रम परिहार ने कहा कि संगठन राष्ट्रहित के खिलाफ किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए गए तो संगठन व्यापक आंदोलन करेगा।

जिला सहसंयोजक एडवोकेट सुनील चाहर ने ज्ञापन में उठाए गए मुद्दों को गंभीर बताते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाना आवश्यक है। ज्ञापन के माध्यम से दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई, अवैध कब्जों को हटाने, जबरन धर्मांतरण पर सख्त कानून लागू करने तथा जनजातीय क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई। इस अवसर पर संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।
