बीकानेर। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को बीकानेर में बीकानेर-साबरमती नियमित ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार राजनीति के बजाय विकास कार्यों पर ध्यान केंद्रित कर रही है और जनता से किए गए वादों को पूरा कर रही है। उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा, “जादूगरों को जादू करने दो, हम अपना काम कर रहे हैं, हमें अपना काम करने दो।” रेल मंत्री ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों को रेलवे नेटवर्क से जोड़ने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। अनूपगढ़ और खाजूवाला तक रेल सेवा शुरू करने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है, ताकि देश की सीमाओं तक रेल सुविधाएं पहुंचाई जा सकें। उन्होंने कहा कि लंबे समय से बीकानेर को अहमदाबाद से जोड़ने की मांग की जा रही थी। अब बीकानेर से साबरमती के लिए प्रतिदिन ट्रेन सेवा शुरू होने से यात्रियों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा। बीकानेर, नोखा, नागौर, जोधपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को अहमदाबाद तक सीधी रेल सुविधा उपलब्ध होगी। अश्विनी वैष्णव ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें अपने 60 वर्षों के कार्यकाल का लेखा-जोखा देखना चाहिए और उसकी तुलना मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल से करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन के दौरान राजस्थान को रेलवे विकास के लिए पर्याप्त बजट नहीं मिला। उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में राजस्थान में जितनी रेल पटरियां बिछाई गई हैं, उतनी पिछले 60 वर्षों में भी नहीं बिछी थीं। रेलवे विस्तार, विद्युतीकरण और नई रेल लाइनों के निर्माण से प्रदेश के आधारभूत ढांचे को मजबूती मिली है। रेल मंत्री ने कहा कि युवाओं के भविष्य को मजबूत बनाने के लिए नए विश्वविद्यालय स्थापित किए जा रहे हैं, तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है और रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और अब देश स्वयं सेमीकंडक्टर चिप का निर्माण कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत रक्षा क्षेत्र में निर्यातक देश बन चुका है और रेलवे भी अब इंजन निर्यात कर रहा है। भारत से करीब 150 रेल इंजन विदेशों को भेजे जा रहे हैं। इससे पहले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रेल मंत्री ने बीकानेर के डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में योग कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन मेघवाल भी मौजूद रहे। अश्विनी वैष्णव ने कहा कि जिस प्रकार स्वामी विवेकानंद ने विदेशों में भारत की पहचान मजबूत की थी, उसी तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज पूरी दुनिया में योग को स्वीकार किया जा रहा है।
