हनुमानगढ़। महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने लिटिल हार्ट स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव और आपातकालीन सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना के निर्देशानुसार किया गया। कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की टीम ने छात्राओं को राज्य सरकार के महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराया तथा विपरीत परिस्थितियों में सतर्क रहने और तुरंत पुलिस सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान छात्राओं के मोबाइल फोन में राजकॉप सिटीजन ऐप डाउनलोड करवाया गया तथा इसके उपयोग और आपातकालीन स्थिति में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी गई। टीम ने छात्राओं को आत्मरक्षा के व्यावहारिक गुर भी सिखाए और आत्मविश्वास के साथ किसी भी चुनौतीपूर्ण स्थिति का सामना करने के लिए प्रेरित किया। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 की उपयोगिता बताते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी, छेड़छाड़, साइबर ठगी या अन्य आपात स्थिति में इन नंबरों पर तुरंत संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने सुरक्षा संबंधी विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस टीम ने विस्तार से उत्तर दिया। विद्यालय प्रबंधन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम छात्राओं में सुरक्षा के प्रति विश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए भी प्रेरित करते हैं।
