संगरिया। इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स की ओर से बुधवार को संगरिया में संगठन की आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष जुगल स्वामी ने की। इसमें पत्रकारों के हितों की सुरक्षा, संगठन के विस्तार और आगामी गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान सर्वसम्मति से IFWJ संगरिया क्लब की नई कार्यकारिणी का गठन करते हुए विभिन्न पदों पर पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई। बैठक में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पत्रकार चिमन गर्ग को विधानसभा प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं डिजिटल और सोशल मीडिया गतिविधियों को सशक्त बनाने के लिए विनोद बिश्नोई को सोशल मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया। नई कार्यकारिणी में मदन गोस्वामी को ब्लॉक अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा पवन सिंगला एवं सुभाष धारणिया को उपाध्यक्ष, मांगीलाल बागड़िया को महासचिव, सुरेंद्र जग्गा को कोषाध्यक्ष तथा सुरेंद्र सार्मारया और विजय नुकेरा को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने के उद्देश्य से कार्यकारिणी का भी विस्तार किया गया। इसमें जुगल स्वामी, अमरनाथ पैटर, भगवानदास गोस्वामी, अवतार छिब्बर सिंघपुरा, अमरीक सिंह ढाबा, देवेंद्र कुमार तथा जगतार नुकेरा को सदस्य बनाया गया। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता कई चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे में संगठन की एकजुटता और सक्रिय भूमिका बेहद जरूरी है। सदस्यों ने पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान, अधिकारों की रक्षा तथा उनके हितों से जुड़े मुद्दों पर मजबूती से आवाज उठाने का संकल्प दोहराया। साथ ही संगठन के विस्तार और अधिकाधिक पत्रकारों को जोड़ने पर भी सहमति बनी। बैठक के समापन पर नवनियुक्त पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। जिलाध्यक्ष जुगल स्वामी ने सभी पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि नई कार्यकारिणी पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और उनके अधिकारों एवं सम्मान की रक्षा के लिए संगठन हमेशा प्रतिबद्ध रहेगा। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, उनका पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन किया जाएगा। उन्होंने पत्रकारों की एकजुटता बनाए रखने तथा समाज में सकारात्मक और निष्पक्ष पत्रकारिता को बढ़ावा देने का भी संकल्प लिया।
